UP: क्राइम ब्रांच में फोन कर युवक ने कहा- जा रहा हूं आत्महत्या करने, पकड़ा गया तो सामने आई चौंकाने वाली बात
UP Hindi News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक युवक ऑनलाइन गेमिंग के दौरान सात लाख रुपये हार गया। हारने के बाद युवक ने मुंबई क्राइम ब्रांच ऑफिस में फोन किया और कहा कि मेरी आर्थिक मदद करें।
UP Jaunpur News: जौनपुर जनपद में एक युवक को ऑनलाइन गेमिंग की ऐसी लत लगी कि वह सात लाख रुपए हार गया। रुपए हारने के बाद उसने मुंबई क्राइम ब्रांच को फोन लगा दिया। फोन लगाने के बाद उसने कहा कि कृपया मेरी आर्थिक मदद कीजिए नहीं तो मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं।
युवक द्वारा क्राइम ब्रांच को फोन करके आत्महत्या करने की बात तेरे जाने के बाद हड़कंप मच गया। क्राइम ब्रांच के अधिकारी काफी देर तक उसे अपनी बातों में उलझा रहे और जौनपुर पुलिस अधीक्षक को सूचना देकर पूरे मामले को बताए। युवक का नंबर सर्विलांस में लगाकर पुलिस तत्काल उसके पास पहुंच गई और उसकी जान बच गई।

यह पूरा मामला जौनपुर जनपद के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मुंगरडीह गांव का है। गांव का रहने वाला एक 24 वर्षीय युवक ऑनलाइन गेमिंग एप पर गेम खेलता है। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो गेम खेलने के दौरान युवक गेम में करीब सात लाख से अधिक रुपए हार गया।
रुपए हारने के बाद युवक ने मुंबई क्राइम ब्रांच को फोन कर दिया। फोन करने के बाद उसने कहा कि वह ऑनलाइन गेमिंग एप पर सात लाख रुपए हार गया है। ऐसे में उसके आर्थिक रूप से मदद की जाए। यदि उसकी मदद नहीं की जाएगी तो वह आत्महत्या कर लेगा।
युवक द्वारा आत्महत्या की बात कही जाने के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम हरकत में आई। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा तुरंत इस मामले में जौनपुर के एसपी डॉक्टर अजय पाल शर्मा को बताया गया। उसके बाद सर्विलांस टीम की मदद से युवक का लोकेशन निकाला गया तो पता चला कि वह मुंगराबादशाहपुर इलाके में है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुंगराबादशाहपुर थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी युवक के पास पहुंचे तो वह फांसी के फंदे पर लटकने की योजना बना रहा था। युवक को तुरंत पकड़ लिया गया और उसके परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद परिजन भी हैरान रह गए।
फिलहाल इस बारे में थानाध्यक्ष द्वारा बताया गया कि ऑनलाइन गेमिंग एप में गेम खेलने के दौरान युवक रुपए हार चुका है। रुपए हार जाने के चलते वह डिप्रेशन में था और आत्महत्या करने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि युवक पहले मुंबई में रहता था ऐसे में उसके पास मुंबई क्राइम ब्रांच का नंबर पहले से ही था और उसने क्राइम ब्रांच के ऑफिस में फोन कर दिया था। फिलहाल थाने पहुंचे उस युवक के परिजनों द्वारा लिखा पढ़ी किए जाने के बाद युवक को सुपुर्द कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications