Jaunpur News: जमीन विवाद में दो भाइयों की पीट-पीटकर हत्या, तीन की हालत गंभीर, जांच में जुटी पुलिस
Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में गुरुवार को भूमि विवाद को लेकर पड़ोस के रहने वाले लोगों ने दो भाइयों की लाठियां से पीट कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
वहीं इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।

इस बारे में एसपी देहात शैलेंद्र कुमार द्वारा बताया गया कि भूमि विवाद में दो भाइयों की मौत हुई है, मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच की जा रही है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
दरअसल, यह पूरी घटना जौनपुर जनपद के बरसठी थाना क्षेत्र के पलटूपुर गांव की है। बताया जा रहा है कि पट्टे की जमीन को लेकर के गांव के रहने वाले दशरथ यादव (60) और शेषनाथ यादव के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा है।
दशरथ यादव उक्त भूमि को अपनी भूमि बताते हुए गुरुवार को वहां झोपड़ी बना रहे थे इसे देखकर शेषनाथ यादव ने वहां पहुंचकर उसे जमीन को अपना बताते हुए झोपड़ी लगाने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
देखते ही देखते दोनों पक्ष के लोग लाठी डंडा और लोहे की रॉड लेकर मौके पर पहुंच गए और एक दूसरे पक्ष पर हमलावर हो गए। इस मारपीट में दशरथ यादव, दशरथ के भाई सुभाष यादव, भारत लाल यादव, पारस यादव और अमित यादव एवं सुनील यादव घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को बरसठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां सुभाष यादव, सुनील यादव और दशरथ यादव की गंभीर स्थिति देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल में इलाज के लिए रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचने के बाद जांच करने पर डॉक्टरों ने दशरथ यादव और सुभाष यादव को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद दशरथ के परिवार में मातम पसर गया। इधर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।
शेषनाथ यादव के घर वाले घटना को अनजान देने के बाद फरार हैं। एसडीएम कुणाल गौरव द्वारा बताया गया कि साल 2018 में दशरथ यादव को भूमि आवंटित की गई थी। इस भूमि की 20 अप्रैल को पैमाइश भी कराई गई थी। दशरथ यादव अपनी भूमि पर झोपड़ी बना रहे थे इसी बात को लेकर पड़ोसियों से विवाद हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गया। फिलहाल गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है। मामले की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications