Jaunpur News: विंध्याचल से आजमगढ़ लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस जौनपुर में पलटी, मची चीख-पुकार, कई घायल
Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद के गौराबादशाहपुर गांव में रविवार रात में बड़ा हादसा हो गया। मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन करने के बाद अपने घर वापस लौट रहे आजमगढ़ के श्रद्धालुओं से भरी बस पलट गई।
बस पलटने के चलते उसमें सवार पांच श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में महिला और पुरुष दोनों शामिल हैं। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र के मिश्रा और गांव के रहने वाले विनोद यादव के परिवार और रिश्तेदारी तथा गांव के लोग एक निजी बस से रविवार को मिर्जापुर जनपद के विंध्याचल में मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन करने गए थे।
दर्शन पूजन करने के बाद रविवार शाम बस उनको लेकर आजमगढ़ वापस लौट रही थी। बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं को लेकर बस जौनपुर जनपद के गौराबादशाहपुर में जौनपुर-आजमगढ़ हाईवे पर केशवपुर गांव के समीप रात 11 बजे पहुंची।
इसी दौरान चालक को झपकी लगने लगी और रफ्तार अधिक होने के चलते बसअनियंत्रित हो गई। बस चालक जब तक बस को काबू में करता तब तक बस पलट गई। बस पलटने के बाद उसमें सवार यात्री चीखने चिल्लाने लगे।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को बस में से बाहर निकाला। शीशा तोड़कर यात्रियों को बाहर निकालने के बाद घायलों को पुलिस ने सरकारी एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घायलों में 40 वर्षीय सविता यादव, 55 वर्षीय फुलई और 48 वर्षीय विनोद यादव तथा 16 वर्षीय प्रिंस यादव और 30 वर्षीय श्रवण कुमार आदि का नाम शामिल है। सभी घायल आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र के बिसरौर के रहने वाले हैं।
इस बारे में गौराबादशाहपुर थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता द्वारा बताया गया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पूछताछ में बस में सवारी यात्रियों द्वारा बताया गया कि बस चालक सुबह से ही बस चल रहा था ऐसे में उसे झपकी आ गई। झपकी लगने के चलते वह ध्यान नहीं दिया और बस अनियंत्रित होकर पलट गई।












Click it and Unblock the Notifications