Jaunpur News: लूट की घटना को अंजाम देने जा रहे थे लुटेरे और पहुंच गई पुलिस, दोनों तरफ से चलने लगी गोलियां
जौनपुर जिले में मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने 2 शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि शातिर लुटेरे लूट की घटना को अंजाम देने जा रहे थे इसी दौरान पुलिस पहुंच गई और दोनों तरफ से गाेलियां चलीं।

Jaunpur जिले में देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि लुटेरे वारदात को अंजाम देने जा रहे थे इसी दौरान मुखबिर की सूचना मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंच गई और लुटेरों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों शातिर लुटेरों के पैर में पुलिस की गोली लगी जबकि उनका एक सहयोगी भागने में सफल हो गया। वही बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली इस्पेक्टर के बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी। घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस द्वारा उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम को देखते ही लुटेरों ने कर दिया फायर
बताया जा रहा है कि जौनपुर जिले के नेवढ़िया और मछली शहर थाने की पुलिस मध्य रात्रि में एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ गश्त पर निकली थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लुटेरे लूट की घटना को अंजाम देने जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम काजी हद मोड़ के पास छिपकर लुटेरों के आने का इंतजार करने लगी। थोड़ी ही देर में एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए तो पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखने के बाद मोटरसाइकिल पर सवार अभियुक्तों द्वारा पुलिस टीम के ऊपर फायर कर दिया गया और सुरेरी की तरफ जाने वाली रोड पर अभियुक्त भागने लगे। भाग रहे अभियुक्तों का पुलिस टीम ने भी पीछा कर लिया और जवाबी फायरिंग की।

नेवढ़िया एसओ के जैकेट में लगी गोली
बताया जा रहा है कि इस दौरान बदमाशों की तरफ से लगातार फायरिंग की जाती रही। इसी बीच बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली प्रभारी निरीक्षक नेवढ़िया के बुलेट प्रूफ जैकेट में आकर लग गई। ऐसे में पुलिस द्वारा आत्म रक्षा के लिए चेतावनी देते हुए बदमाशों के ऊपर फायर किया गया जिसमें दो बदमाश घायल होकर गिर गए तथा उनका तीसरा साथी भागने में सफल हो गया। पुलिस टीम उनके पास पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की तो एक बदमाश ने अपना नाम मंगेश यादव पुत्र संग्राम यादव निवासी गणेशपुर थाना बरसठी तथा दूसरे ने अपना नाम राहुल यादव पुत्र जगनारायण यादव निवासी महमदपुर थाना मड़ियाहूं बताया। इसके अलावा भागने वाले बदमाश के बारे में पूछताछ किया गया तो उन लोगों ने बताया कि उसका नाम रंजीत सरोज निवासी जमानिया थाना मडियाहू है। मुठभेड़ के बाद अधिकारियों को सूचना देने के बाद घायल बदमाशों को पुलिस टीम अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल में घायल दोनों बदमाशों का उपचार चल रहा है।
एक के ऊपर चार तो दूसरे के ऊपर 8 मुकदमे हैं दर्ज
पुलिस द्वारा बताया गया कि पकड़े गए बदमाश मंगेश यादव के खिलाफ जौनपुर जिले के नेवरिया बरसठी मड़ियाहूं आदि थाना क्षेत्रों में कार्य किए गए अपराधों के बाबत 8 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा राहुल यादव के खिलाफ भी नेवढ़िया और मड़ियाहूं थाने में विभिन्न धाराओं में 4 मुकदमे दर्ज हैं। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने 32 बोर की एक पिस्टल, एक 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस सोने के आभूषण, मोबाइल तथा अन्य सामग्री बरामद की गई है बरामद सामानों की अनुमानित कीमत डेढ़ लाख रुपए बताई गई। जौनपुर पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि मुठभेड़ के दौरान घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं उनके खिलाफ पुलिस द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications