जम्मू-कश्मीर: मौसम की पहली बर्फबारी से खिल उठी घाटी, कई जगहों पर रास्ता किया बंद
जम्मू-कश्मीर, 23 अक्टूबर: जम्मू-कश्मीर अपनी सुंदरता के लिए भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। अपनी खूबसूरती की वजह से इसे 'धरती का स्वर्ग' भी कहा जाता हैं। ऐसे में शनिवार को जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में मौसम की पहली बर्फबारी हुई। घाटी के कई हिस्सों में बारिश से पूरा मौसम बदल गया। इसी के साथ गुलमर्ग और पहलगाम में मौसम की पहली बर्फबारी देखने को मिली, जिसकी कुछ तस्वीरें सामने आई है।

एक तरफ गुलमर्ग और पहलगाम में बर्फबारी की तस्वीरें सामने आईं तो दूसरी तरफ श्रीनगर में हल्की बारिश देखी गई। जम्मू-कश्मीर यातायात पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रामबन और उधमपुर में भारी बारिश के कारण पत्थर और भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे 44 बंद कर दिया गया है।
वहीं पीर की गली इलाके में भारी बर्फबारी के कारण मुगल रोड बंद करने का फैसला किया गया है। यह सड़क शोपियां जिले को राजौरी और पुंछ जिलों से जोड़ती है। इधर, लद्दाख के द्रास, कारगिल जिले के कई हिस्सों में भी बर्फबारी देखने को मिली।
इधर, मौसम विभाग ने कश्मीर में भारी बारिश का सिलसिली जारी रहने की भविष्यवाणी की है। आपको बता दें कि आईएमडी ने इससे पहले संभावना जताई थी घाटी में 23 अक्तूबर को मौसम खराब हो सकता है। वहीं अब आगे भी ऐसे ही मौसम के रहने का अलर्ट जारी किया है।
इससे पहले जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते 22 से 24 अक्तूबर तक कुछ हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई जा चुकी है। वहीं पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी के बाद अब मैदानी इलाकों में भी ठंडी हवाएं चलने लगी है।












Click it and Unblock the Notifications