जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग के पहलगाम में एनकाउंटर जारी, सुरक्षाबलों ने मार गिराए तीन आंतकी
श्रीनगर, मई 06। अमरनाथ यात्रा शुरू होते ही जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियां एकबार फिर से बढ़ गई हैं। अमरनाथ यात्रा आतंकियों के निशाने पर है। ऐसे में अनंतनाग जिले के पहलगाम इलाके में सुरक्षाबलों ने कुछ आतंकियों को घेर लिया है। न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पहलगाम इलाके के श्रीचंद टॉप पर आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच एनकाउंटर जारी है। इस एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने एक-एक कर तीन आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया है। यह जानकारी राज्य पुलिस की ओर से दी गई है।

ऑपरेशन अभी भी जारी- पुलिस
पुलिस ने बताया है कि मारे गए तीनों आतंकी हिजबुल मुजाहिद्दीन के साथ जुड़े हुए थे। मारे गए आतंकियों में एक अशरफ मौलवी और 2 अन्य आतंकी शामिल हैं। जम्मू कश्मीर पुलिस के आईजीपी विजय कुमार ने बताया है कि अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर हमारे लिए यह एक बड़ी सफलता है, क्योंकि आतंकियों के निशाने पर अमरनाथ यात्रा है। उन्होंने बताया कि जिस जगह एनकाउंटर चल रहा है, वो पूरा जंगल वाला इलाका है। दो आतंकियों के ढेर होने के बाद भी हमारा ऑपरेशन अभी भी जारी है।
परिसीमन बना आतंकी गतिविधियों की वजह
आपको बता दें कि जम्मू कश्मीर में आतंकी गतिविधियां बढ़ने की वजह वहां का परिसीमन भी है जो गुरुवार को पूरा हो गया। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में अब 90 विधानसभा सीटें हो गई हैं, जो अभी तक 83 थीं। जम्मू संभाग में अब 43 सीटें जबकि कश्मीर में 47 सीटें किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। आपको बता दें कि परिसीमन का आतंकी संगठनों की ओर से लगातार विरोध किया जा रहा था।












Click it and Unblock the Notifications