श्रीनगर में अस्पताल के सामने आतंकियों ने की फायरिंग, हुए फरार
नई दिल्ली, 05 नवंबर: कश्मीर घाटी में आमने-सामने की लड़ाई में हार के बाद से आतंकी संगठन बौखलाए हुए हैं। जिस वजह से अब वो छिपकर वार कर रहे। दिवाली के एक दिन बाद शुक्रवार को आतंकियों ने श्रीनगर में अस्पताल के सामने फायरिंग की। अभी तक घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक श्रीनगर के बेमिना में स्थित शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस के सामने आतंकियों ने शुक्रवार दोपहर फायरिंग की। जब तक सुरक्षाबल एक्शन में आते तब तक आतंकी मौके से फरार हो चुके थे। घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। साथ ही सभी नाका चौकियों को अलर्ट भेजकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
बनाए गए बंकर
आपको बता दें कि पिछले महीने आतंकियों ने कई वारदातों को अंजाम दिया था। जिसमें आम लोगों को निशाना बनाया गया। आतंकी हर बार वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से भाग जाते थे, जिस वजह से सुरक्षाबलों ने फिर से श्रीनगर की सड़कों पर बंकर बना लिए हैं। कई सालों पहले एक कमेटी की सिफारिश पर इन बंकरों को हटा दिया गया था।
शोपियां में छिपे बहुत से आतंकी
वहीं पिछले महीने पुंछ जिले में एलओसी के पास सेना और आतंकियों में मुठभेड़ हुई थी। खबर है कि उस दौरान 10 से ज्यादा आतंकियों ने घुसपैठ की। कई दिनों तक दोनों ओर से गोलीबारी होती रही, लेकिन अब वहां पर शांति का माहौल है। वहीं दूसरी ओर सूत्रों ने बताया कि पुंछ से कश्मीर में घुसे आतंकी अब शोपियां के गांवों में छिपे हैं। जिसकी जानकारी सेना को है। उनको पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर ऑपरेशन चलाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications