जम्मू कश्मीर के पुंछ में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में घायल जवान की मौत, कुपवाड़ा में एक आतंकी ढेर
जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में मंगलवार को आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान घायल हुए एक जवान की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि 7 जाट रेजिमेंट के लांस नायक सुभाष चंद्र बटालियन में गोलीबारी के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई।
वहीं कुपवाड़ा के लोलाब में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में जवानों ने एक आतंकी को ढेर कर दिया गया है, जबकि सेना का एक जवान इसमे घायल हुआ है।

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के नगला मनी गांव के निवासी चंदर एलओसी पर घात लगाकर हमला करने वाली टीम का हिस्सा थे। अधिकारियों ने बताया कि घुसपैठ की कोशिश के दौरान लांस नायक सुभाष चंदर गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गए। सुबह करीब 3 बजे दो आतंकवादियों को देखा गया और सैनिकों से उनकी मुठभेड़ हुई।
व्हाइट नाइट कोर ने एक्स पर घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सतर्क सैनिकों ने सुबह 3 बजे बटाल सेक्टर में घुसपैठ कर रहे आतंकवादियों पर प्रभावी गोलीबारी करके घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। भारी गोलीबारी के दौरान एक बहादुर घायल हो गया है। यह ऑपरेशन जारी है।
सोमवार को आतंकवादियों ने पुरुषोत्तम कुमार के घर, गांव के एक सुरक्षा गार्ड और गुंडना खवास में एक सेना की चौकी पर हमला किया था। इस हमले में पुरुषोत्तम कुमार के चाचा विजय कुमार और एक सैनिक घायल हो गए थे। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों डर को बढ़ा दिया है।
इससे पहले गुरुवार को डोडा जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान सेना के दो जवान घायल हो गए थे। आतंकवादियों ने सुबह करीब 2 बजे जद्दन बाटा गांव में एक अस्थायी शिविर पर गोलीबारी की। इस दौरान एक सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे उधमपुर कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस साल जम्मू के छह जिलों में करीब एक दर्जन आतंकी हमले हुए हैं, जिनमें 11 सुरक्षाकर्मियों और पांच आतंकियों समेत 27 लोगों की मौत हो गई। मंगलवार को डोडा जिले में भारी हथियारों से लैस आतंकियों के साथ मुठभेड़ के दौरान घायल हुए चार सैन्यकर्मियों की मौत हो गई।
इस घटना से एक सप्ताह पहले कठुआ जिले के माचेडी वन क्षेत्र में आतंकवादी हमले में पांच सैनिक मारे गए थे और पांच अन्य घायल हो गए थे। इन हमलों की बढ़ती संख्या ने इस क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों के काफी तेजी से बढ़ने के संकेत दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications