जम्मू: 76 दिन बाद मिला दूसरे पायलट का शव, 3 अगस्त को हुआ था हेलीकॉप्टर क्रैश
श्रीनगर, 17 अक्टूबर: जम्मू-कश्मीर में 03 अगस्त की सुबह सेना का एक हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया था। कठुआ के नजदीक रंजीत सागर बांध के पास भारतीय सेना का एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था। इस हादसे में दो पायलट के शहीद होने की खबर सामने आई थी। हादसे के बाद 15 अगस्त को लेंफ्टिनेंट कर्नल एएस बाठ का शव बांध से रिकवर कर लिया था। वहीं अब 76 दिनों बाद दूसरे पायलट जयंत जोशी का शव मिल गया है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि रणजीत सागर बांध में दुर्घटनाग्रस्त हुए हेलीकॉप्टर के दूसरे पायलट का शव 76 दिनों के बाद बरामद किया गया है। 3 अगस्त को भारतीय सेना का एक हेलीकॉप्टर बांध से टकरा गया था। डिफेंस पीआरओ से मिली जानकारी के मुताबिक 3 अगस्त को दुर्घटनाग्रस्त हुए हेलीकॉप्टर के दूसरे पायलट कैप्टन जयंत जोशी के शव को निकालने के लिए दिन-रात 75 दिनों तक सेना और नौसेना द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे और आखिरकार उनका शव बरामद कर लिया गया है।
बांध के विशाल विस्तार और गहराई के कारण खोज और बचाव दल झील के तल को स्कैन करने के लिए अत्याधुनिक मल्टी-बीम सोनार उपकरण का उपयोग कर रहा था और प्राप्त इनपुट के आधार पर पेशेवर गोताखोरों के साथ रोबोटिक आर्म वाले दूरस्थ रूप से संचालित वाहन को क्षेत्र की खोज के लिए लॉन्च किया गया था।
बता दें कि शव को रविवार दोपहर करीब 2 बजे बांध से बाहर निकाला गया था। ज्यादा वरक्त बीत जाने के कारण शव की हालत बहुत खराब हो गई है। पायलट की डेडबॉडी को पठानकोट सेना अस्पताल में रखा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक शव को जल्द ही परिवार को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications