Republic Day: श्रीनगर के लाल चौक पर फहराया गया तिरंगा, कड़ाके की ठंड के बावजूद जुटे लोग
श्रीनगर, 26 जनवरी: देशभर में आज गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस मौके पर देशभर में दफ्तरों और मुख्य स्थानों पर राष्ट्रीय झंडा तिरंगा फहराया गया। जम्मू कश्मीर के श्रीनगर स्थित लाल चौक पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। कश्मीर में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है, इसके वाबजूद भी कफी संख्या में लोग ऐतिहासिक लाल चौक पर पहुंचे और एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए झंडा फहराया।

जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के प्रतिष्ठित लाल चौक पर घंटाघर के ऊपर झंडारोहण के कार्यक्रम के लिए सुरक्षा के भारी इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा के बीच झंडा फहराया गया। बता दें कि श्रीनगर के लाल चौक काफी महत्वपूर्ण स्थान है। कश्मीर में बड़े-बड़े बदलावों का ऐलान इसी चौक से होता रहा है। इसी चौक पर शेख अब्दुल्ला ने आजादी के बाद कश्मीर के भारत के साथ में रहने का ऐलान किया था और यहीं पर भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने 1948 में राष्ट्रीय ध्वज फहराया था।

आज ही के दिन लागू हुआ था संविधान
भारत आज 73वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। आज के ही दिन संविधान लागू हुआ था। 26 जनवरी, 1950 को सुबह 10:18 मिनट पर भारत का लिखित संविधान लागू किया गया था। इसके बाद इंडिया को पूर्ण स्वराज का दर्जा मिला था और 10:24 मिनट पर डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। शपथ लेने के बाद उन्होंने 26 जनवरी को राष्ट्रीय पर्व और राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया था। बता दें कि भारतीय संविधान को बनने में 2 साल, 11 महीने और 18 दिन का समय लगा था।












Click it and Unblock the Notifications