कश्मीर में आतंकी घटनाओं पर बोले राहुल गांधी- प्रधानमंत्री जी, ये फिल्म नहीं सच्चाई है
श्रीनगर, 1 जून: जम्मू कश्मीर में बीते कुछ दिनों में लगातार आम लोगों को निशाना बनाकर हत्याएं की गई हैं। कई कश्मीरी पंडितों की हत्या हुई है, जिसको लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन भी हो रहा है। कश्मीर में लगातार बिगड़ते हालात को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा किया है और उनके कामकाज की आलोचना की है।

राहुल गांधी ने बुधवार को सोशल मीडिया पर लिखा- 'कश्मीर में पिछले 5 महीनों में 15 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए और 18 नागरिकों की हत्या कर दी गई। कल भी एक शिक्षिका की हत्या कर दी गई। 18 दिनों से कश्मीरी पंडित धरने पर हैं लेकिन भाजपा 8 साल का जश्न मनाने में व्यस्त है।'
हाल ही में आई फिल्म कश्मीर फाइल्स का भाजपा के लोगों ने काफी प्रचार किया था। इस ओर इशारा करते हुए राहुल गांधी ने तंज कसा और कहा- प्रधानमंत्री जी, ये कोई फिल्म नहीं, आज कश्मीर की सच्चाई है।
सुरजेवाला ने भी भाजपा पर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट करते हुए कहा, भाजपा कश्मीरी पंडितों को सुरक्षा देने में फेल क्यों? साल 1990- भाजपा के समर्थन की सरकार थी, भाजपा नेता ही राज्यपाल थे. नतीजा- कश्मीरी पंडितों की हत्या और पलायन! आज- भाजपा की सरकार है, राज्यपाल हैं, पूरी मशीनरी है. नतीजा- कश्मीरी पंडितों की हत्या और सामुहिक पलायन का संकट!
सुरजेवाला ने आगे कहा, भाजपा कब समझेगी कि कश्मीरी पंडित एक फ़िल्म व TV डिबेट नहीं, इंसान हैं। 5 महीने में 13 कश्मीरी पंडितों की हत्या, 18 नागरिकों की जान गयी, 15 सुरक्षाकर्मी शहीद, 24 घण्टे में सामुहिक पलायन की मजबूरी, भाजपा सरकार में फ़िर से कश्मीरी पंडितों की जिंदगी ख़तरे में है।












Click it and Unblock the Notifications