'भाजपा को शेख खानदान का शुक्रगुजार होना चाहिए', श्रीनगर में PM मोदी के बयान पर महबूबा मुफ्ती का जवाब
Jammu Kashmir Election 2024: जम्मू-कश्मीर में पहला चरण का मतदान संपन्न हो चुका है, जिसके बाद दूसरा और तीसरे चरण की वोटिंग होना बाकी है, लेकिन चुनावी मौहाल में सियासी बयानबाजी और पलटवार का दौर जोरों पर चल रहा है। ऐसे में श्रीनगर में दिए पीएम मोदी के बयान पर अब पीडीपी चीफ और पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने पलटवार किया है।
PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने मीडिया से बात करते हुए शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शेख परिवार (अब्दुल्ला) का आभारी होना चाहिए, जिन्होंने जम्मू-कश्मीर के भारत में विलय में अहम भूमिका निभाई।

पीएम मोदी को महबूबा का जवाब
Recommended Video
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा, "मुझे लगता है कि भाजपा को शेख खानदान का शुक्रगुजार होना चाहिए कि उमर (अब्दुल्ला) ने यहां उनके एजेंडे को लागू किया।"
पूर्व मुख्यमंत्री की टिप्पणी पीएम मोदी के गुरुवार को लगाए गए आरोपों के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) पर राजनीतिक लाभ के लिए कश्मीर के युवाओं के भविष्य को खतरे में डालने का आरोप लगाया था।
अटल सरकार का वक्त लिया याद
महबूबा ने कहा, "जब उमर अब्दुल्ला वाजपेयी सरकार में मंत्री थे, तो उन्हें अक्सर दुनिया भर में यह कहते हुए ले जाया जाता था कि जम्मू-कश्मीर कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि आतंकवाद का मामला है जिसे पाकिस्तान पर हमला करके हल किया जाना चाहिए,"
अब महबूबा मुफ्ती ने कहा, "मोदी जी को शेख परिवार (अब्दुल्ला) का आभारी होना चाहिए, खासकर शेख अब्दुल्ला का, जिनके प्रयासों से जम्मू-कश्मीर का देश में विलय संभव हुआ।" उन्होंने कहा कि भाजपा को पूर्व राज्य में पार्टी के एजेंडे को लागू करने के लिए उमर अब्दुल्ला का भी आभारी होना चाहिए।
बीजेपी के साथ गठबंधन पर दिया ये बयान
अपनी पार्टी का जिक्र करते हुए पीडीपी प्रमुख ने कहा कि भाजपा ने सरकार बनाने के लिए तीन महीने तक उनके दरवाजे खटखटाए, उनकी सभी शर्तों पर सहमति जताई। अपने बयान में उन्होंने कहा, "जहां तक महबूबा मुफ्ती, मुफ्ती परिवार और PDP का सवाल है तो प्रधानमंत्री मोदी को याद होगा कि सरकार बनाने के लिए वे 2-3 महीने तक हमारे दरवाजे पर थे। उन्होंने कहा कि हम जो भी शर्तें रखेंगे, वे हमारे साथ सरकार बनाने के लिए तैयार हैं और हमने शर्तें रखीं जैसे कि 370 से छेड़छाड़ न करना, पाकिस्तान से बात करना, हुर्रियत से बात करना।"
प्रधानमंत्री मोदी के बयान पर उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि अगर अब्दुल्ला परिवार ने पाकिस्तान के एजेंडे को लागू किया होता, तो जम्मू कश्मीर भारत का हिस्सा नहीं होता, बल्कि यह पाकिस्तान का हिस्सा होता या आजाद होता।"












Click it and Unblock the Notifications