Pahalgam Terror Attack: शुरूआती जांच में NIA को मिले अहम सुराग, अब गुनहगारों की खैर नहीं
Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर की बैसरन घाटी में हुए दिल दहला देने वाले आतंकी हमले के बाद अब इसकी जांच देश की शीर्ष आतंकवाद-रोधी एजेंसी नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) को सौंप दी गई है। इस हमले में 26 निर्दोष सैलानियों की जान चली गई और कई घायल हुए।
गृह मंत्रालय के निर्देश पर NIA ने औपचारिक रूप से जांच शुरू कर दी है और अब तक कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। हमले के तुरंत बाद NIA की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और सबूतों की तलाश तेज़ कर दी गई। जांच एजेंसी के मुताबिक, शुरुआती जांच में ऐसे कुछ वीडियो और गवाह मिले हैं, जो हमलावरों की पहचान और उनकी योजना की परतें खोल सकते हैं।

स्थानीय फोटोग्राफर बना मुख्य गवाह
इस हमले में एक स्थानीय फोटोग्राफर अहम गवाह बनकर सामने आया है, जो हमले के वक्त मौके पर मौजूद था और पेड़ पर चढ़कर पूरी घटना को रिकॉर्ड कर रहा था। उसकी रिकॉर्डिंग के अनुसार, 'दो आतंकी दुकानों के पीछे छिपे थे, जो सबसे पहले बाहर आए और लोगों को कलमा पढ़ने के लिए कहा... इसके बाद चार लोगों को गोली मार दी गई।'
इस दिल दहला देने वाली घटना ने पलभर में पूरे इलाके में अराजकता और भय का माहौल फैला दिया। रिकॉर्डिंग में यह भी देखा गया कि कुछ अन्य आतंकी पास की ज़िपलाइन के नज़दीक से निकलकर अंधाधुंध गोलीबारी करने लगे।
NIA कर रही है गहन पूछताछ और फोरेंसिक जांच
NIA की टीम स्थानीय चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है, जिन्होंने हमले को अपनी आंखों से देखा है। जांच एजेंसी आतंकी साजिश के हर पहलू को समझने के लिए एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स की गहन जांच कर रही है। इसके अलावा, फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से घटनास्थल की सूक्ष्म जांच की जा रही है, ताकि हर उस सुराग को इकट्ठा किया जा सके जो इस नृशंस हमले की तह तक पहुंचा सके।












Click it and Unblock the Notifications