Jammu Kashmir: घाटी में आतंकवाद विरोधी अभियानों में सेना को मिली बड़ी सफलता, मुख्य आतंकी शाहिद कुट्टे मारा गया
Operation Keller: पहलगाम हमले के बाद से भारतीय अर्द्धसैन्य बल बड़ी प्रमुखता से घाटी में छुपे आतंकीयों का सफाया कर रहे हैं। एक तरफ ऑपरेशन सिंदूर से सीमा पार आतंक का खात्मा किया जा रहा है वहीं दूसरी ओर ऑपरेशन केलर से सीमा के अंदर भी चुन-चुन कर दहशतगर्दों को मारा जा रहा है।
सेना ने जम्मू कश्मीर पुलिस, CRPF के साथ संयुक्त अभियान चलाकर जम्मू कश्मीर के केलर और त्राल क्षेत्रों में छह आतंकवादी ढेर किए हैं। सेना के वी फोर्स के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) मेजर जनरल धनंजय जोशी ने जानकारी दी है।

मेजर जनरल जोशी ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के केलर और त्राल क्षेत्रों में दो अलग-अलग आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान सुरक्षाबलों ने छह आतंकवादियों को मार गिराया है। इन अभियानों को सुरक्षाबलों ने 12 और 13 मई को अंजाम दिया। इनमें एक कुख्यात आतंकी शाहिद कुट्टे भी शामिल था, जो दो बड़े आतंकी हमलों के साथ-साथ आतंकवाद की फंडिंग गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
Operation Keller: केलर में पहाड़ी इलाकों में छिपे आतंकियों पर कार्रवाई
मेजर जनरल जोशी ने बताया कि "12 मई को हमें केलर क्षेत्र के ऊपरी इलाकों में आतंकवादियों की संभावित मौजूदगी की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।"
13 मई की सुबह सुरक्षाबलों को कुछ हलचल दिखाई दी, जिसके बाद उन्होंने आतंकियों को ललकारा। आतंकवादियों ने जवाब में गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने आतंकियों को मार गिराया। यह मुठभेड़ ऊंचे और कठिन इलाके में हुई, लेकिन सेना के जवानों ने अत्यंत साहस और संयम के साथ इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
दूसरा ऑपरेशन त्राल क्षेत्र के एक सीमावर्ती गांव में हुआ। इस संबंध में जनरल जोशी ने बताया, "जैसे ही हमने गांव में घेराबंदी शुरू की, आतंकवादी अलग-अलग घरों में छिप गए और हम पर गोलीबारी शुरू कर दी। उस समय हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती गांव में फंसे नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने की थी।"
सुरक्षाबलों ने सूझबूझ और बहादुरी से कार्य करते हुए न सिर्फ ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया, बल्कि तीन आतंकियों को मार गिराया। इस अभियान के दौरान गांव में किसी भी नागरिक के हताहत होने की खबर नहीं है। इससे सिक्योरिटी फोर्सज को इन दोनों ऑपरेशंस को कामयाब बनाया बनाने में बड़ी सफलता मिली।
Operation Keller: कुख्यात आतंकी शाहिद कुट्टे ढेर
इन ऑपरेशन में मारे गए छह आतंकवादियों में एक नाम विशेष रूप से सामने आया है शाहिद कुट्टे। मेजर जनरल जोशी के अनुसार, शाहिद कुट्टे दो बड़े आतंकी हमलों में शामिल था, जिनमें एक हमला एक जर्मन पर्यटक पर भी शामिल है। इसके अलावा वह आतंकी फंडिंग गतिविधियों में भी संलिप्त था।
शाहिद कुट्टे की मौत को सुरक्षा बलों के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है क्योंकि वह न केवल स्थानीय युवाओं को आतंकवाद की ओर उकसाता था, बल्कि हथियार और फंडिंग के नेटवर्क को भी संभाल रहा था।
Operation Keller:सुरक्षा बलों की सतर्कता और साहस
इन दोनों अभियानों की सफलता से यह स्पष्ट है कि सेना और सुरक्षा एजेंसियां घाटी में आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। मेजर जनरल जोशी ने अपने बयान में सभी जवानों की बहादुरी की सराहना की और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षाबलों को दें।
केलर और त्राल में हुए इन सफल अभियानों ने यह संकेत दे दिया है कि सुरक्षाबलों की कड़ी निगरानी और त्वरित कार्रवाई की रणनीति रंग ला रही है। आतंकियों की कमर तोड़ने के इस प्रयास में जनता का सहयोग और सुरक्षाबलों की तत्परता बेहद अहम है। सरकार और सेना मिलकर घाटी को एक बार फिर शांतिपूर्ण बनाने की दिशा में मजबूती से बढ़ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications