Opposition Meet: 'हमारी भूमिका बहुत छोटी', पटना में होने वाली विपक्ष एकता की बैठक से पहले उमर अब्दुल्ला
Omar Abdullah on Opposition meet: देश में इन दिनों राजनीतिक लिहाज से विपक्ष को एकजुट करने पर कई पार्टियां काम कर रही है। ऐसे में बिहार के सीएम नीतीश कुमार की अगुवाई में 23 जून को पटना में विपक्षी एकता को लेकर बड़ी बैठक होने जा रही है, जिस पर अब नेशनल कॉफ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला का बयान आया है।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को विपक्षी दलों की होने वाली बैठक को लेकर कहा कि छोटे दलों को एक साथ आने से पहले बड़ी पार्टियों को एकता दिखानी चाहिए।

'हम तो छोटी पार्टी हैं...'
जम्मू-कश्मीर में पार्टी मुख्यालय पर एक मीटिंग के बाद मीडिया से बात करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि हम विपक्ष की बैठक में हिस्सा लेंगे, लेकिन इसमें हमारी भूमिका बहुत छोटी है। जिन राजनीतिक दलों के पास 40-50 से ज्यादा सीटें हैं। उन्हें पहले एकता दिखानी चाहिए, फिर छोटे दलों से एकजुट होने की उम्मीद करनी चाहिए।
हमारा ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ेगा- उमर
उमर अब्दुल्ला ने आगे कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस 23 जून को पटना में होने वाली बैठक में शामिल होगी, लेकिन सबको देखेगी। उन्होंने कहा कि हम पटना जाकर सुनेंगे कि बड़े दलों का गठबंधन के विचार के बारे में क्या कुछ कहना है। हम एक छोटी पार्टी हैं और अगर हम सभी छह सीटें (जम्मू-कश्मीर में 5 और लद्दाख में 1) जीतते हैं, तो भी हमारा ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ेगा।
आपको बता दें कि बिहार की राजधानी पटना में जेडीयू नेता और बिहार के सीएम नीतिश कुमार की अगुवाई में 23 जून को विपक्ष एकता की एक अहम बैठक होगी, जिसमें कांग्रेस सहित सभी गैर बीजेपी गठबंधन वाले दल हिस्सा लेंगे। इस बैठक में लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।












Click it and Unblock the Notifications