कश्मीर में सर्दी का सितम जारी, शनिवार से बढ़ेगी बर्फबारी, बारिश का भी अनुमान
श्रीनगर, 24 दिसंबर: जम्मू कश्मीर समेत देश के बड़े हिस्से में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। खासतौर से कश्मीर घाटी काफी ज्यादा सर्दी है। कश्मीर और आसपास बर्फबारी भी देखने को मिल रही है। शनिवार से कश्मीर में बर्फबारी बढ़ने और हल्की बारिश का भी अनुमान है। शुक्रवार को मौसम विभाग ने ये जानकारी दी है। कश्मीर के अलावा और भी कई राज्यों मेंअगले दो दिन बारिश की संभावना है।

मौसमविभाग ने शुक्रवार को कहा कि अगले दो दिनों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में छिटपुट बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। 27 दिसंबर को भी जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी बारिश होने की संभावना है।
उत्तर पश्चिम भारत के कुछ भागों में एक पश्चिमी विक्षोभ 24 दिसंबर से जबकि दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 26 दिसंबर से सक्रिय होगा। इसके चलते 24-25 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश में कई जगहों पर घना कोहरा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आने दिनों में कोहरा छाया रहेगा।
कश्मीर में चल रहा चिल्ला कलां
कश्मीर घाटी में मंगलवार (21 दिसंबर) से भीषण ठंड का चिल्ला कलां शुरू हो गया है। घाटी में ठंड का चिल्ला कलां 40 दिन तक चलेगा और 31 जनवरी को खत्म होगा। कश्मीर में सबसे ज्यादा ठंड के 40 दिनों को चिल्ला कलां कहा जाता है। इस दौरान बर्फबारी सबसे ज्यादा होती है और ठंड के चलते कश्मीर का सामान्य जनजीवन भी प्रभावित रहता है। बता दें कि कश्मीर में सर्दियों का 70 दिन का चिल्ला माना जाता है। जिसमें 40 दिन का चिल्ला कलां यानी बड़ा चिल्ला होता है। इसके बाद चिल्ला खुर्द यानी छोटे चिल्ले की शुरुआत होती है जोकि 20 दिन चलता है। इस दौरान ठंड में कमी आने लगती है। इसके बाद 10 दिन का बच्चा चिल्ला माना जाता है, जिसमें सर्दी और कम होने लगती है।












Click it and Unblock the Notifications