जम्मू-कश्मीर: अब आतंकियों ने पुलिस जवान को बनाया निशाना, कश्मीर में तीसरा टारगेट अटैक
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ हो रही कार्रवाई के बाद बौखलाए आतंकी अब छिपकर जवानों और आम लोगों को निशाना बना रहे हैं। हाल ही में पुलवामा में आतंकियों ने एक प्रवासी मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वहीं अब एक पुलिस जवान को अपना निशाना बनाया है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान एचसी जीएच मोहम्मद डार की आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। उत्तरी कश्मीर के तंगमर्ग में इस हमले को अंजाम दिया गया है।

घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी करते हुए आतंकियों के खिलाफ तलाशी अभियान जारी कर दिया है। पुलिस ने मंगलवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की उत्तरी कश्मीर के तंगमर्ग में उसके आवास के पास कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
अधिकारी की पहचान गुलाम मोहम्मद डार के रूप में हुई है, जो हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए और उनको आगे के इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
आतंकवादियों ने बारामूला जिले के वेलू क्रालपोरा में जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक हेड कांस्टेबल पर उसके आवास के पास गोलीबारी की। पुलिसकर्मी को इलाज के लिए तंगमर्ग के एसडी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। डार जम्मू-कश्मीर पुलिस के पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) विभाग में तैनात थे।
बता दें कि तीन दिनों में घाटी में आतंकवादियों द्वारा यह तीसरी टारगेट किलिंग है। सोमवार को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकवादियों की गोली लगने से उत्तर प्रदेश के एक प्रवासी श्रमिक की मौत हो गई। मुकेश सिंह नाम के इस शख्स को दोपहर करीब 12:45 बजे पुलवामा जिले के राजपोरा इलाके में गोली मार दी गई।












Click it and Unblock the Notifications