जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य के दर्जे के प्रस्ताव को LG की मंजूरी, अब उमर अब्दुल्ला का अगला कदम क्या होगा
Jammu Kashmir News: उमर अब्दुल्ला कैबिनेट ने शनिवार 19 अक्टूबर को जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए प्रस्ताव पारित किया। जिसके बाद इस प्रस्ताव पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी अपनी मंजूरी दे दी। वहीं, अब उमर कैबिनेट ने प्रस्ताव पारित करने के बाद केंद्र सरकार से केंद्र शासित प्रदेश का राज्य का दर्जा बहाल करने का आग्रह किया है।
मंत्रिमंडल ने मुख्यमंत्री अब्दुल्ला को इस मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार से चर्चा करने के लिए अधिकृत भी किया। बता दें, जल्द ही सीएम उमर अब्दुल्ला आने वाले दिनों में पीएम और केंद्रीय मंत्रियों से मिलने नई दिल्ली जाएंगे। इसके जवाब में, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के नेता वहीद पारा का बयान भी आया है।

पीडीपी नेता वहीद पारा ने अपने X हैंडल लिखा, 'उमर अब्दुल्ला का राज्य के दर्जे पर पहला प्रस्ताव 5 अगस्त, 2019 के फैसले के अनुसमर्थन से कम नहीं है। अनुच्छेद 370 पर कोई प्रस्ताव नहीं होना और केवल राज्य के दर्जे की मांग को कम करना एक बहुत बड़ा झटका है, खासकर अनुच्छेद 370 को बहाल करने के वादे पर वोट मांगने के बाद।'
मंत्रिमंडल ने 4 नवंबर को श्रीनगर में विधानसभा सत्र बुलाने का भी फैसला किया। उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को इसे बुलाने और संबोधित करने की सलाह दी। इसके अलावा, उन्होंने मुबारिक गुल को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त करने की सिफारिश की, जो 21 अक्टूबर को निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाएंगे।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मुबारक गुल को प्रो-टेम स्पीकर नियुक्त किया। नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता गुल ईदगाह निर्वाचन क्षेत्र से जीते। जम्मू-कश्मीर में दस साल बाद हुए विधानसभा चुनावों में एनसी-कांग्रेस गठबंधन विजयी हुआ। जेकेएनसी ने 42 सीटें हासिल कीं, जबकि कांग्रेस ने छह सीटें जीतीं।
जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर में सिविल सचिवालय में अपनी पहली कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की। 2009 से 2014 तक मुख्यमंत्री रहने के बाद यह उनकी वापसी है। जम्मू-कश्मीर में तीन चरणों में हुए चुनावों के नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए गए।












Click it and Unblock the Notifications