J&K: रामबन से आई बर्बादी की तस्वीरें, श्रीनगर हाईवे बंद, स्कूलों में छुट्टी, यात्रा को लेकर एडवाइजरी जारी
Jammu Kashmir Weather Update: जम्मू-कश्मीर के रामबन (Ramban Weather Today) जिले में पिछले 24 घंटे में हुई भारी बारिश और भूस्खलन ने तबाही मचा दी। प्राकृतिक आपदा में जहां 5 लोगों की जान चली गई, वहीं दो सौ से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।

लैंडस्लाइड के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर कई जगहों पर मलबा जमा हो गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई हैं। नाशरी से बनिहाल तक सड़क पर पत्थर, कीचड़ और पानी ही पानी जमा है। इससे यातायात विभाग को यह मार्ग पूरी तरह बंद करना पड़ा। अधिकारियों का कहना है कि जब तक सड़क पूरी तरह साफ नहीं हो जाती और मौसम सामान्य नहीं होता, तब तक यात्री इस मार्ग से यात्रा न करें।
उधर, मौसम विभाग (IMD) ने घाटी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद एहतियातन सोमवार 21 अप्रैल को सभी स्कूलों में कक्षाएं रद्द कर दी गई हैं।
बगहाना गांव में त्रासदी, तीन लोगों की मौत (Ramban Landslide News)
रामबन जिले के बगहाना गांव में रविवार तड़के भारी बारिश के बाद दो मकान जमींदोज हो गए। इस हादसे में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटनास्थल पर मलबा इतना था कि राहत टीमों को शव निकालने में घंटों लग गए। यह घटना इलाके में तबाही के स्तर को दर्शाती है।
200 से ज्यादा मकानों को नुकसान, होटल और दुकानें भी प्रभावित
रामबन सहित आसपास के इलाकों में बारिश की तीव्रता इतनी ज्यादा रही कि कई घरों की छतें टूट गईं, दीवारें गिर गईं और दर्जनों होटल तथा दुकानें पानी और कीचड़ से भर गईं। प्रशासन ने बताया कि करीब 200 से अधिक मकानों को आंशिक या पूर्ण रूप से नुकसान पहुंचा है।
सेना और प्रशासन कर रहे राहत कार्य
रामबन में हालात गंभीर देखते हुए भारतीय सेना और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से राहत कार्य शुरू कर दिए हैं। प्रभावित इलाकों में मेडिकल कैंप लगाए गए हैं और लोगों को जरूरी दवाइयां, खाद्य सामग्री और पीने का साफ पानी मुहैया कराया जा रहा है। एनडीआरएफ की टीमें भी बचाव अभियान में जुटी हुई हैं। रामबन के डीसी बसीर-उल-हक चौधरी ने कहा कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी (IMD Rain Alert in Jammu Kashmir)
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और पाकिस्तान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुज़फ्फराबाद में 21 अप्रैल को भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
कश्मीर घाटी में येलो अलर्ट, अधिकतर जिलों में खतरे की स्थिति
मौसम विभाग ने कश्मीर घाटी के अधिकांश जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। जम्मू, पुंछ, कठुआ, मीरपुर और मुज़फ्फराबाद को छोड़कर बाकी जिलों में भारी बारिश, लैंडस्लाइड और फ्लैश फ्लड की आशंका जताई गई है।
स्कूलों में छुट्टी
राज्य सरकार ने खराब मौसम को देखते हुए कश्मीर घाटी के सभी स्कूलों को सोमवार के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है। शिक्षा मंत्री सकीना इत्तो ने सोशल मीडिया पर बताया कि यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर मौसम में सुधार नहीं हुआ तो छुट्टियों को आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
प्रशासन की अपील- घर में रहें, सुरक्षित रहें
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरी कारण के घरों से बाहर न निकलें और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। लगातार बारिश और भूस्खलन की वजह से स्थिति कभी भी और बिगड़ सकती है, इसलिए सतर्कता बेहद जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications