Weather: दिल्ली में छाए रहेंगे बादल, कश्मीर में बारिश का अलर्ट, राजस्थान में हीटवेव, आपके यहां कैसा रहेगा मौसम
IMD Weather forecast: देश के कुछ राज्यों में जहां गर्मी की वजह से कोई राहत नहीं मिल रही है, तो वहीं कुछ राज्यों में तूफान के साथ बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वानुमान लगाया है कि अगले कुछ दिनों में कई जगहों पर मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। खासकर मौसम विभाग ने 22 अप्रैल से पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना जताई है।
Delhi Weather: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि आज 21 अप्रैल को दिल्ली में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। दिल्ली-एनसीआर में लगातार सतही हवाएं 35 किमी प्रति घंटे तक की गति से चलेंगी। दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दिल्ली में 23 अप्रैल से हीटवेव चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 23 अप्रैल से दिल्ली, गौतम बुद्धनगर, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश में लू चलने की संभवना जताई है। वहीं पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज/तूफानी हवाओं का अनुमान लगाया है।
Jammu-Kashmir Weather: जम्मू-कश्मीर के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट
IMD ने 21 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में गरज, बिजली और तेज हवाओं (70 किमी/घंटा की रफ्तार से) के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। IMD ने कुपवाड़ा, मुजफ्फराबाद, बांदीपोरा, बारामुल्ला, गंदेरबल, किश्तवाड़, रामबन और बडगांव सहित अन्य क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया गया। पुंछ, मीरपुर, राजौरी, अनंतनाग, जम्मू, उधमपुर, कठुआ और रियासी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
Rain Alerts: तूफान, बारिश, बिजली, तेज़ हवा की चेतावनी
अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में तूफान, बारिश, बिजली और तेज हवाएं चलेंगी। अगले 3 दिनों के दौरान पूर्वी भारत में और 24 अप्रैल तक छत्तीसगढ़ में भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है। इस बीच 22 से 24 अप्रैल तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने तीन ट्रफ के बारे में चेतावनी जारी की है, जो मध्य असम से त्रिपुरा, मध्य पाकिस्तान और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी राजस्थान से बांग्लादेश के मध्य भागों और उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश से मन्नार की खाड़ी तक फैली हुई हैं।
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम?
भारत के दक्षिणी राज्यों की बात करें तो आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और माहे और तेलंगाना में अगले 5 दिनों के दौरान बारिश होगी। इन जगहों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलने और बिजली गिरने की भी संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications