जम्मू कश्मीर में होने वाला है विधानसभा चुनाव, पीएम मोदी ने कही बड़ी बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू कश्मीर के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि जल्द ही घाटी में विधानसभा चुनाव होंगे। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके साथ ही पीएम ने कहा कि जम्मू कश्मीर विकास की नई रफ्तार को देख रहा है।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि सबको बांटने वाली आर्टिकल 370 की दीवार अब गिर चुकी है। घाटी में जो बदलाव हम देख रहे हैं, उसे पूरी दुनिया देख रही है। जी20 मीटिंग में जो लोग आए थे, वो घाटी की मेहमानवाजी की तारीफ करते हैं।

आज जब घाटी में जी20 की बैठक होती है तो हर किसी को खुशी होती है। जब लाल चौक पर देर रात तक बच्चे खेलते हैं तो हर कोई आनंदित होता है। हमारा कश्मीर काफी आगे बढ़ गया है। यहां अब टूरिज्म के नए रिकॉर्ड की चर्चा होती है।
पिछले साल दो करोड़ से ज्यादा टूरिस्ट यहां आएं। इससे लोगों के रोजगार में गति आती है, आय बढ़ती है, कारोबार का विस्तार होता है। मैं दिन रात यही करता रहता हूं, मेरे देश के लिए कुछ करूं, मेरे देशवासियों के लिए कुछ करूं।
मैं जो भी कर रहा हूं, नेक नीयत के साथ कर रहा हूं। मैं बहुत ईमानदारी से समर्पण भाव से जुटा हूं ताकि कश्मीर की पीढ़ियों ने जो भुगता है उससे उन्हें बाहर निकाला जा सके। दूरिया दिल की रही हो या दिल्ली की, हम हर दूरी को मिटाने की कोशिश कर रहे हैं।
कश्मीर में जम्हूरियत का फायदा हर इलाके और हर परिवार को मिले, हर किसी की तरक्की हो,इसके लिए हम सबको मिलकर काम करना है।
केंद्र सरकार से पहले भी पैसा आता था, लेकिन आज केंद्र सरकार से आई हुई पाई-पाई आपकी भलाई के लिए खर्च होती है। जिस काम के लिए पैसा दिल्ली से निकला है, उसी काम में लगे और उसका परिणाम नजर आए, यह हम पक्का करते हैं।
जम्मू कश्मीर के लोग लोकल लेवल पर अपनी नुमाइंदे चुने और उनके जरिए आप अपनी समस्याओं का समाधान खोंजें इससे अच्छा क्या हो सकता है। इसलिए अब विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है।
वो समय दूर नहीं जब आप अपने वोट से जम्मू कश्मीर की नई सरकार चुनेंगे। वो दिन भी जल्द आएगा जब जम्मू कश्मीर फिर से राज्य के रूप में अपना भविष्य और बेहतर बनाएगा।
पीएम ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में करीब 40 हजार सरकारी भर्तियां की गई हैं। अभी करीब 2000 नौजवानों को भर्ती पत्र मिला है।
कश्मीर में हो रहे लाखों करोड़ के निवेश से स्थानीय युवाओं के लिए हजारों नई नौकरियां बन रही हैं। रोड या कनेक्टिविटी की बात हो हर क्षेत्र में रिकॉर्ड काम हो रहा है। घाटी में नए-नए नेशनल हाईवे, एक्सप्रेसवे बन रहे हैं। घाटी रेल कनेक्टिविटी से भी जुड़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications