जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड, कई जिलों में शून्य से नीचे तापमान, श्रीनगर में टूटा रिकॉर्ड
जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिसका कारण पहाड़ो पर हो रही बर्फबारी है। श्रीनगर में शुक्रवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। इस दौरान श्रीनगर का तापमान माइनस 4.6 दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार रात श्रीनगर का तापमान माइनस 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। जिसके मुकाबले शुक्रवार रात का तापमान दो डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया।
सबसे ठंडा स्थान रहा पहलगाम
पहलगाम कश्मीर घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। यह स्थान सालाना अमरनाथ यात्रा के लिए तय आधार शिविरों में से एक है। बारामूला जिले के प्रसिद्ध रिसॉर्ट गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। बृहस्पतिवार की रात न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे था।

बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया। कोकेरनाग शहर का तापमान शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। जबकि कुपवाड़ा का न्यूनतम तापमान शून्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 11 दिसंबर तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा। जबकि रात के समय तापमान में कुछ डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। विभाग के अनुसार 12 से 15 दिसंबर तक जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है।
किस इलाके में रहा कितना तापमान
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -4.6°C, काजीगुंड में -2.8°C, पहलगाम में -5.0°C, कुपवाड़ा में -3.0°C, कोकेरनाग में -2.3°C, गुलमर्ग में -4.2°C, अनंतनाग में -4.3°C, गान्दरबल में -3.3°C, पुलवामा में -4.7°C, बांदीपोरा में -4.3°C, बारामुला में -3.8°C, बड़गाम में -3.5°C, कुलगाम में -1.9°C और शोपियां में -5.9°C रहा।
यह देखें: जम्मू-कश्मीर: गांदरबल में गहरी खाई में गिरी गाड़ी, हादसे में चार यात्रियों की मौत, दो घायल












Click it and Unblock the Notifications