Interview: जम्मू-कश्मीर चुनाव में BJP को कैसे देंगे मात? वनइंडिया पर JK कांग्रेस चीफ तारिक ने बताया पूरा प्लान
Jammu Kashmir Chunav 2024: जम्मू-कश्मीर चुनाव के पहले चरण के मतदान 18 सितंबर को पूरे हो चुके हैं। अब दो चरणों के मतदान 25 सितंबर और एक अक्टूबर को होने हैं। खास बात यह है कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद यह चुनाव हो रहे हैं। जैसे-जैसे चुनावी बयार गर्म होती जा रही है, वैसे-वैसे बयानबाजियों का दौर भी अपने चरम पर है।
बहरहाल, इस बीच वनइंडिया ने जम्मू कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हामिद कर्रा (Tariq Hameed Karra) से बात की। जम्मू कश्मीर में कांग्रेस के चुनावी प्लान और बीजेपी को सत्ता में आने से रोकने के लिए पार्टी प्लान जानने की कोशिश की। आइए जानते हैं सवाल-जवाब में क्या कुछ बोले तारिक हामिद...

सवाल: कैसा चल रहा है आज आपका सियासी सफर?
जवाब: तारिक साहब ने कहा कि इलेक्टोरल पॉलिटिक्स में मैंने पहले भी काम किया है। हालांकि, 2004 में थोड़ी पहचान मिली, लेकिन अल्हम्दुलिल्लाह अभी तक सफर ठीक ठाक है। लोगों की मोहब्बत मिल रही है। सियासत में एतबार (विश्वास) सबसे बड़ी बात है, और अल्हम्दुलिल्लाह, मैं बहुत खुशकिस्मत हूं कि लोग मुझ पर एतबार करते हैं।
सवाल: आप पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) के फाउंडिंग मेंबर थे, फिर 2016 में पार्टी क्यों छोड़ी?
जवाब: देखिए, इस वक्त इलेक्शन का टाइम है और मैं हमेशा पॉजिटिव सोचने में विश्वास रखता हूं। मैं अब जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष हूं और अपनी लाइन ऑफ पॉजिटिविटी को बनाए रखना चाहता हूं। 2016 की बात अब पुरानी हो गई है और उसे इतिहास में दर्ज कर दिया गया है। मुझे लगता है कि पुराने जख्मों को कुरेदने से कोई फायदा नहीं है, इसलिए मैं अपने वर्तमान पर फोकस करना चाहता हूं।
सवाल: कांग्रेस पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी या बाकी पार्टियों से कैसे अलग है?
जवाब: कांग्रेस की एक लंबी और गौरवशाली इतिहास है। जब कांग्रेस की शुरुआत हुई, तब हम में से कोई भी पैदा नहीं हुआ था। कांग्रेस ने इस देश के आजादी की लड़ाई में सबसे बड़ा योगदान दिया है और देश को कई बेहतरीन लीडर्स दिए हैं। कांग्रेस ने हमेशा प्रोग्रेसिव सोच और समाज को एकजुट रखने वाली फिलॉसफी को आगे बढ़ाया है।
कांग्रेस और बीजेपी के बीच सबसे बड़ा फर्क यह है कि कांग्रेस कभी भी बीजेपी या आरएसएस की विचारधारा का समर्थन नहीं करती और ना ही करेगी। कांग्रेस वही एक पार्टी है जो बीजेपी की विभाजनकारी और साम्प्रदायिक राजनीति का मुकाबला कर सकती है। कांग्रेस ने कभी भी बीजेपी का पार्टनर नहीं बना और भविष्य में भी ऐसा नहीं होगा।
सवाल: 10 साल के बाद जम्मू-कश्मीर में चुनाव हो रहे हैं। ये चुनाव यहां के लोगों और कांग्रेस के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं?
जवाब: "यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण हैं। यह केवल सड़क, बिजली, पानी जैसे मुद्दों के लिए नहीं हैं। यह चुनाव हमारी पहचान, हमारे संवैधानिक अधिकारों और राज्य के दर्जे को वापस पाने के लिए हैं। बीजेपी ने हमारे अधिकार छीन लिए हैं और समाज को बांटने की कोशिश कर रही है। हमारी प्राथमिकता राज्य का पूर्ण दर्जा वापस पाना है और बीजेपी को सत्ता से दूर रखना है।"
सवाल: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा केवल बीजेपी ही दे सकती है। आप इस पर क्या सोचते हैं?
जवाब: "प्रधानमंत्री का ये बयान इस बात की स्वीकारोक्ति है कि बीजेपी ने हमारे राज्य का दर्जा छीन लिया था। राज्य का दर्जा संसद के अधिकार में है, यह कोई एक पार्टी का विशेषाधिकार नहीं है। मुझे लगता है कि इस बयान में थोड़ी सियासी चालबाजी छिपी हुई है, और जनता को इसे समझना चाहिए।"
सवाल: कुछ नेताओं का कहना है कि चुनाव के बाद विधानसभा कमजोर होगी। क्या आपको भी ऐसा लगता है?
जवाब: "यह पूरी तरह सही नहीं है। यह एक निरंतर संघर्ष है और हमें विधानसभा में अपनी जगह बनानी होगी। अगर हम बाहर रहेंगे, तो वो लोग मैदान में रहेंगे जो समाज को और नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए हमें चुनाव में हिस्सा लेना चाहिए और अपनी पहचान की लड़ाई जारी रखनी चाहिए।"
सवाल: क्या आपको त्रिशंकु विधानसभा की चिंता है?
जवाब: "मुझे नहीं लगता कि ऐसा होगा। जनता ने तय कर लिया है कि बीजेपी और उसके समर्थकों को सत्ता से दूर रखना है। मुझे उम्मीद है कि जनता इस बार स्पष्ट जनादेश देगी, ताकि हॉर्स ट्रेडिंग की नौबत न आए।"
सवाल: अगर गठबंधन बहुमत हासिल नहीं कर पाता, तो क्या आप अन्य छोटे दलों का समर्थन लेंगे?
जवाब: "हमारा ध्यान स्पष्ट बहुमत पर है, ताकि हमें किसी और की मदद की जरूरत न पड़े। अगर स्थिति अलग होती है, तो गठबंधन के साथी मिलकर निर्णय करेंगे। लेकिन हमारी प्राथमिकता यही है कि हम अपने दम पर सरकार बना सकें।"
तारिक साहब का सियासी सफर और उनके विचार जम्मू-कश्मीर की मौजूदा राजनीति पर गहरा असर डालते हैं। उनका उद्देश्य राज्य के दर्जे की बहाली और जनता की भलाई है।












Click it and Unblock the Notifications