कश्मीर के शोपियां में मुठभेड़, एक आतंकी को सेना ने किया ढेर
जम्मू, 23 जून: कश्मीर घाटी से आतंकियों के सफाए के लिए सेना का ऑपरेशन जारी है। इसी क्रम में बुधवार को सेना ने शोपियां में एक और आतंकी को ढेर कर दिया। मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादी की पहचान सज्जाद अहमद भट के रूप में हुई है। उसके आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन से संबंध थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सितंबर 2020 से वो सक्रिय था और कई आतंकी हमलों मामलों में शामिल रहा है। वहीं आशंका जताई जा रही है कि इलाके में दो से तीन आतंकी छिपे हो सकते हैं। ऐसे में घेराबंदी को भी कड़ा कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक कश्मीर के शोपियां जिले के शिरमल इलाके में कुछ आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली थी। इस पर सेना की राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने ऑपरेशन शुरू किया। तभी इलाके में छिपे आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जिसका जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। इसी दौरान एक आतंकी मारा गया।
इंस्पेक्टर पर हमला
वहीं दूसरी ओर कश्मीर के नौगाम के कनीपोरा में भी एक आतंकी हमला हुआ, जहां सीआईडी में तैनात रहे इंस्पेक्टर परवेज अहमद पर फायरिंग की गई। आनन-फानन में उनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक परवेज नमाज पढ़कर लौट रहे थे, तभी घात लगाकर बैठ आतंकियों ने हमला किया। इसके बाद वो वहां से फरार हो गए। फिलहाल वहां पर भी बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications