कठुआ से पूर्व मंत्री जतिंदर उर्फ बाबू सिंह गिरफ्तार, हवाला पैसा मामले में था फरार
कठुआ, 09 अप्रैल: जम्मू पुलिस ने शनिवार को बड़ा एक्शन लेते हुए पूर्व मंत्री जतिंदर उर्फ बाबू सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हवाला मामले में फरार चल रहे पूर्व मंत्री बाबू सिंह को कठुआ से गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जम्मू पुलिस ने हवाला मामले में फरार जतिंदर सिंह को कठुआ जिले से आज सुबह को गिरफ्तार किया।

जानकारी के मुताबिक जम्मू पुलिस ने 31 मार्च को हवाला मामले से जुड़े एक शख्स को पकड़ा था और उसके पास से रुपए जब्त किए थे। इसके बाद तीन और लोगों को इस मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था, लेकिन तब से पूर्व मंत्री जतिंदर सिंह फरार चल रहे थे। बता दें कि पुलिस ने 6.90 लाख रुपए की मोटी रकम हवाला की जब्त की थी। पुलिस ने कोकरनाग के रहने वाले मोहम्मद शरीफ शाह को 31 मार्च को जम्मू के गांधी नगर इलाके में हवाला की रकम के साथ पकड़ा था। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि कठुआ के रहने वाले बाबू सिंह ने श्रीनगर से पैसे लेने का काम दिया था।
पुलिस के अनुसार जम्मू-कश्मीर में देश विरोधी गतिविधियों के लिए हवाला धन आया था, जिसका पुलिस ने भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने अब इस मामले में मुख्य आरोपी जम्मू-कश्मीर के पूर्व मंत्री जतिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। बाबू सिंह 31 मार्च से फरार थे, जिसके लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी, 6 अप्रैल को पुलिस ने लुकआउट नोटिस भी जारी किया था। पूर्व मंत्री को पूछताछ के लिए जम्मू लाया जा रहा है। आपको बता दें कि बाबू सिंह साल 2002 से 2005 में पीडीपी-कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। अब बाबू सिंह एक स्थानीय संगठन नेचर-मैनकाइंड फ्रेंडली ग्लोबल पार्टी के अध्यक्ष हैं।












Click it and Unblock the Notifications