पुंछ आतंकी हमले के शहीदों को आज दी जाएगी अंतिम विदाई, इतिहास में पहली बार शहादत की जगह पर होगा अंतिम संस्कार!
Poonch Terrorist Attack: जम्मू-कश्मीर के पुंछ में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को आज अंतिम विदाई दी जाएगी। गुरुवार, 21 दिसंबर को बुफ्लियाज और ढेरा की गली इलाके में धत्यार मोड़ पर कुछ आतंकी घात लगाए बैठे थे। उन्होंने सेना की एक मारुति जिप्सी और एक ट्रक को निशाना बनाया था। हमले में कुल पांच जवानों की जान चली गई जबकि 2 गंभीर रूप से जख्मी हैं।
शहादत की जगह पर किया जाएगा शहीदों का अंतिम संस्कार
आज शहीद हुए चार जवानों का अंतिम संस्कार किया जाएगा। भारत के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है जब शहीदों का अंतिम संस्कार उनके शहादत वाली जगह पर किया जाएगा। यानी की, शहीद हुए चार जवानों को मुखाग्नि उसी जगह पर दी जाएगी जहां पर आतंकियों ने उनपर हमला बोला था।

सेना के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहेंगे
भारत माता के वीर सपूतों को अंतिम विदाई देने के लिए पूरी तैयारी की गई है। शहीदों के परिवार को भी बुला लिया गया है। बताया जा रहा है कि अंतिम विदाई के समय सेना के शीर्ष अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने राजौरी में आतंकवादी हमले के दौरान शहीद हुए सेना के जवानों को राजौरी में पुष्पांजलि अर्पित की और श्रद्धांजलि दी।
घात लगाकर बैठे आतंकवादियों ने किया था हमला
आपको बता दें, गुरुवार दोपहर भारी हथियारों से लैस तीन से चार आतंकवादियों ने सेना की एक मारुति जिप्सी और एक ट्रक को निशाना बनाया था। आतंकी बुफ्लियाज और ढेरा की गली इलाके में धत्यार मोड़ पर घात लगाकर बैठे थे। इस हमले में पांच सैनिक मारे गए जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी देखें: जम्मू कश्मीर: बारामूला मस्जिद में अजान दे रहे थे रिटायर्ड SSP, आतंकियों ने गोली मारकर की हत्या
आतंकी संगठन पीपुल्स एंटी फासिस्ट फ्रंट ने ली हमले की जिम्मेदारी
हमले के बाद आतंकवादियों ने कथित तौर पर दो सैनिकों के शवों को क्षत-विक्षत कर दिया। आतंकी मृत सैनिकों में से कुछ के हथियार भी ले लिए। हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन पीपुल्स एंटी फासिस्ट फ्रंट (पीएएफएफ) ने ली है।
हमले के अगले दिन यानी शुक्रवार को 3 लोगों का शव संदिग्ध स्थिति में उसी इलाके से मिला था। बताया जा रहा है कि तीनों मृतक सेना द्वारा पूछताछ के लिए उठाए गए 8 लोगों में शामिल थे।
यह भी देखें: 'दिल्ली से दूरी...', कश्मीर के पुंछ में 3 नागरिकों की मौत पर भड़के उमर अब्दुल्ला, जानिए क्या-क्या कहा?
अप्रैल और मई में भी सेना पर हुआ था आतंकी हमला
राजौरी और पुंछ जिलों की सीमा पर स्थित ढेरा की गली और बुफलियाज घने जंगलों वाला इलाका है। इस साल 20 अप्रैल को इस क्षेत्र में सेना के एक वाहन पर घात लगाकर बैठे आतंकियों ने हमला किया था जिसमें पांच सैनिक शहीद हो गए थे।
मई में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान चमरेर जंगल में सेना के पांच और जवान शहीद हो गए थे और मेजर रैंक के एक अधिकारी घायल हो गए थे। इस अभियान में एक विदेशी आतंकवादी भी ढेर हुआ था।
जबकि, राजौरी जिले में सुरक्षा बलों के साथ नवंबर में इस मुठभेड़ में अफगानिस्तान में प्रशिक्षित लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के शीर्ष कमांडर क्वारी समेत दो आतंकवादी मारे गये थे। न्यूज 18 की एक रिपोर्ट के अनुसार राजौरी, पुंछ और रियासी जिलों में इस साल मुठभेड़ों में अब तक 19 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए हैं जबकि 28 आतंकवादी मारे गए हैं।
यह भी देखें: 'हम आतंकियों से लड़ रहे हैं या अपने लोगों से?', सुरनकोट हमले और पत्थरबाजी पर फारूक अब्दुल्ला का बयान












Click it and Unblock the Notifications