Doda Accident: ड्यूटी पर जा रहे सैनिकों के साथ दर्दनाक हादसा, गणतंत्र दिवस से पहले देश ने खोए 10 जांबाज सैनिक
Doda Accident: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। भद्रवाह इलाके में भारतीय सेना का एक बुलेटप्रूफ वाहन भीषण दुर्घटना का शिकार हो गया। सेना की गाड़ी अनियंत्रित होकर लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में देश ने अपने 10 जांबाज सैनिकों को खो दिया है, जबकि 7 अन्य जवान गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, वाहन में कुल 17 सैनिक सवार थे जो अपनी ड्यूटी निभाने के लिए एक ऊंचाई पर स्थित अग्रिम सैन्य पोस्ट की ओर बढ़ रहे थे। इस घटना ने पूरे राष्ट्र को शोक संतप्त कर दिया है और रक्षा गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

दुर्गम रास्ते और ऊंचाई पर ड्यूटी के दौरान हादसा
जानकारी के मुताबिक, सेना का यह बुलेटप्रूफ वाहन एक चुनौतीपूर्ण पहाड़ी रास्ते से गुजर रहा था। भद्रवाह के दुर्गम इलाके में अचानक चालक का संतुलन बिगड़ने के कारण वाहन सड़क से फिसल गया और सीधे गहरी खाई में जा गिरा। खाई की गहराई और पहाड़ी ढलान के कारण टक्कर इतनी भीषण थी कि कई जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायलों की स्थिति भी नाजुक बनी हुई है, जिन्हें तत्काल नजदीकी सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Doda Accident: मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने व्यक्त की संवेदना
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने शहीद जवानों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा देश उनके साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और सेना व स्थानीय प्रशासन द्वारा चलाए गए त्वरित बचाव अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से घायल जवानों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकी, जिससे राहत कार्यों में काफी मदद मिली।
ये भी पढ़ें: Noida Engineer Accident: युवराज की मौत मामले में 5 नामजद आरोपियों पर दूसरी FIR, तीन बिल्डर गिरफ्तार
मनोज सिन्हा ने जताया शोक
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में हुए सेना के दर्दनाक सड़क हादसे पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने गहरा शोक जताया है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा, "डोडा में सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के 10 बहादुर जवानों की शहादत से बेहद दुखी हूं।" उन्होंने कहा कि देश उनके सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेगा। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए और उनके जल्द ठीक होने की कामना की।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी हादसे को बेहद दुखद बताया। उन्होंने बताया कि भद्रवाह-चंबा रोड पर सेना की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने से 10 जवानों की मौत हुई, जबकि 10 गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उधमपुर के कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता दी जा रही है और शहीद जवानों के परिवारों के प्रति उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त की।
ये भी पढ़ें: Kashmir News: कश्मीर में दहशत का अलर्ट! बारामूला नेशनल हाईवे पर संदिग्ध IED मिलने से हड़कंप, सर्च ऑपरेशन तेज












Click it and Unblock the Notifications