J&K में मना PAK की जीत का जश्न, कार्रवाई होने पर समर्थन में आईं महबूबा मुफ्ती, बोलीं- हमसे गुस्सा क्यों?
श्रीनगर, 25 अक्टूबर। टी20 विश्वकप में रविवार को पहली बार पाकिस्तान ने भारत पर जीत दर्ज की। इस मैच में पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने अपने बुरे इतिहास को बदल दिया। कल (24 अक्टूबर) की जीत से जहां पाकिस्तान की आवाम फूले नहीं समा रही है वहीं, भारत में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में कुछ लोग टीम इंडिया की हार का जश्न मनाते पकड़े गए। यहां के चंक मंगा इलाके में कई लोग पाकिस्तान की जीत का जश्न मना रहे थे। इन लोगों पर कानूनी कार्रवाई की गई और 6 लोगों को हिरासत में भी लिया गया। अब इस मामले पर जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की प्रतिक्रिया सामने आई है।

पाकिस्तान की जीत का जश्न मना रहे लोगों पर कार्रवाई के बाद महबूबा मुफ्ती ने पूछा कि कश्मीरियों के खिलाफ इतना गुस्सा क्यों है? जम्मू कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने ट्वीट कर जम्मू-कश्मीर में पाक की जीत का जश्न मना रहे लोगों का समर्थन किया। महबूबा ने लिखा, 'पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाने के लिए कश्मीरियों के खिलाफ इतना गुस्सा क्यों है? कुछ लोग ऐसे नारे भी लगा रहे हैं- 'देश के गद्दारों को गोली मारो...'।' अपने ट्वीट में महबूबा ने इशारों ही इशारों में केंद्र सरकार और बीजेपी पर भी निशाना साधा है।
यह भी पढ़ें: T20 WC 2021: भारत-पाक मैच से पहले 'मौका-मौका' की वापसी, एड में जमकर उड़ा PAK के जीरो रिकार्ड का मजाक
उन्होंने कहा, 'कोई नहीं भूल सकता है कि जम्मू-कश्मीर के अलग होने और विशेष दर्जा (धारा-370) छीनने के बाद मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया गया था। इसे विराट कोहली की तरह सही भावना में लें, जिन्होंने पाकिस्तानी क्रिकेटरों को जीत के लिए बधाई दी थी।' गौरतलब है कि केंद्र शासित प्रदेश में बीते रविवार टी20 वर्ल्ड कप के मैच में पाकिस्तान की जीत पर कुछ लोगों ने जश्न मनाया, जब इसकी सूचना पुलिस को मिली तो 6 लोगों को हिरासत में भी लिया गया। फिलहाल इस मामले में पूछताछ जारी है। बता दें कि 24 अक्टूबर को भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले टी20 वर्ल्ड कप के मैच का आगाज किया, इस मैच में पाकिस्तान ने 10 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की।












Click it and Unblock the Notifications