जम्मू कश्मीर: किश्तवाड़ में सेना का हेलिकॉप्टर क्रैश, क्राफ्ट्समैन की गई जान
Helicopter Crash: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में भारतीय सेना का एक ALH ध्रुव हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया है। इस हेलिकॉप्टर में भारतीय सेना के तीन अधिकारी सवार थे।

Army Helicopter Crash: सेना का ALH ध्रुव हेलीकॉप्टर गुरुवार सुबह जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना पहाड़ी जिले के मारवाह इलाके में हुई। सेना के अधिकारियों ने कहा कि पायलट और सह-पायलट को घायल हालत में बचा लिया गया, लेकिन वे सुरक्षित हैं और उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने पहले कहा था कि विमान में तीन लोग सवार थे।
ताजा अपडेट्स के मुताबिककिश्तवाड़ के पास ALH MK III के साथ हुई दुर्घटना में क्राफ्ट्समैन (Avn Tech) पब्बल्ला अनिल की जान चली गई।
किश्तवाड़ में हेलिकॉप्टर किस वजह से क्रैश हुआ है इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है हालांकि, बताया जा रहा है कि इसके पीछे की एक वजह मौसम हो सकता है। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बीते कई दिनों से बादल छाए हुए हैं।
ध्रुव हेलिकॉप्टर की क्षमता (ALH Dhruv helicopter)
सेना का ध्रुव हेलिकॉप्टर हिंदुस्तान ऐरोनॉटिक्स लिमिटेड द्वारा विकसित और निर्मित भारत का बहुद्देशीय हेलिकॉप्टर है। भारतीय सशस्त्र बलों को इसकी आपूर्ति की जाती है। इसे पहले नेपाल और इस्राइल को निर्यात किया गया था। अब इसे सैन्य और वाणिज्यिक उपयोग के लिए कई अन्य देशों द्वारा मंगाया जाता है। इस हेलिकॉप्टर में 12 लोग बैठ सकते हैं।
मार्च में अरुणाचल में हुआ था सेना का हेलिकॉप्टर क्रैश
मार्च की शुरुआत में, अरुणाचल प्रदेश में मंडला पहाड़ी क्षेत्र के पास एक भारतीय सेना के एविएशन चीता हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो पायलट मारे गए थे। दुर्घटना के बाद भारतीय सेना, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और पुलिस द्वारा तलाशी अभियान चलाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, सेना का चीता हेलिकॉप्टर ऑपरेशनल सॉर्टी पर था, तभी उसका एयर ट्रैफिक कंट्रोलर से संपर्क टूट गया। बोमडिला के पश्चिम में मंडला के पास दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications