युगांडा की महिला गुप्तांगों में छिपाकर लाई करोड़ों की ड्रग्स के 60 कैप्सूल, जयपुर एयरपोर्ट पर पकड़ी गई
जयपुर, 22 फरवरी। राजस्थान की राजधानी जयपुर के सांगानेर स्थित एयरपोर्ट पर नशे की तस्करी पकड़ी गई है। एक विदेशी महिला अपने गुप्तांगों में करोड़ों की ड्रग्स छिपाकर ले जा रही थी।

महिला यात्री को जयपुर एयरपोर्ट पर तैनात डायरेक्ट्रेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने पकड़ लिया। ड्रग्स के जब्त किए गए कैप्सूल की इंटरनेशनल बाजार में कीमत करोड़ों में बताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पकड़ी गई महिला यात्री यूगांडा की बताई जा रही है। वह शनिवार रात को शारजाह से आई थी। शक होने पर डीआरआई की टीम ने उसकी तलाशी ली तो उसके गुप्तांगों और अन्य आंतरिक अंगों में ड्रग्स के कैप्सूल छिपे हुए मिले।
टीम ने महिला यात्री के शरीर के अंदर से जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के चिकित्सकों की मदद से ड्रग्स के करीब 60 कैप्सूल्स निकाले हैं। उनमें सफेद ड्रग भरा हुआ है। उसकी लैब टेस्टिंग करवाई जा रही है। महिला अस्पताल के जनरल सर्जरी वार्ड में भर्ती है। अभी डॉक्टर्स के ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहले भी गोल्ड और मादक पदार्थों की तस्करी पकड़ी जा चुकी है। बीते तीन चार साल में दोनों ही तरह की तस्करी के खासा इजाफा हुआ है। यहां गुप्तांगों में छिपाकर गोल्ड और मादक पदार्थों के भी कई मामले सामने आ चुके हैं। इनको देखते हुये सुरक्षा और अन्य जांच एजेंसियां लगातार अलर्ट मोड पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications