हादसों से दहला राजस्थान : एक तरफ चलती बस में लगी आग, दूसरी तरफ पुलिया से नीचे गिरी रोडवेज
Jaipur News, जयपुर। राजस्थान मंगलवार को बस हादसों से दहल गया। एक तरफ रोडवेज बस पुलिया की दीवार तोड़ते हुए नाले में जा गिरी, वहीं दूसरी ओर एक चलती निजी बस में आग लग गई। दोनों ही मामलों में कोई जनहानि नहीं हुई है, मगर सवारियों की जान पर बन आई और उनमें चीख पुकार मच गई थी।

बैटरी में स्पार्किंग से बस में लगी आग
एक निजी बस बारां कोटा नेशनल हाईवे 27 से होती हुई कोटा से अंता रही थी। यात्रियों से खचाखच भरी इस बस में गड़े पान के पास अचानक आग लग गई। सवारियां कुछ समझ पातीं इससे पहले तो आग बढ़ती गई और सवारियों में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही चालक नेम कुमार ने सूझबूझ से काम लिया।

उसने बस का सड़क किनारे लिया। अगर बस थोड़ी देर और दौड़ती तो आग बढ़ सकती है। बस रुकने के बाद सवारियों को नीचे उतारा गया। बस में धुआं ही धुआं हो गया और नेशनल हाईवे 27 जाम लग गया। दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गई। सूचना पाकर पुलिस व दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इसके बाद यातायात सुचारू हो सका।

बीस फीट गहरे पानी में गिरी बस
इधर, मंगलवार सुबह जयपुर के सिंधी कैम्प केन्द्रीय बस स्टैण्ड से रोडवेज कोटा के लिए रवाना हुई थी। यात्रियों से खचाखच भरी बस चाकसू थाना इलाके के शीतला माता मंदिर के पास पुलिया से गुजर रही थी तब उसका संतुलन बिगड़ गया। बस पुलिया की दीवार तोड़ते हुए नीचे नाले में जा गिरी। नाले में करीब बीस फीट पानी भरा हुआ था।
बस नाले में गिरने के बाद पलट गई थी, जिससे यात्रियों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर सिविल डिफेंस टीम, एंबुलेंस व शिवदासपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि बस के इस हादसे में भी कोई जनहानि नहीं हुई है। करीब 12 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें चाकसू के अस्पताल में भर्ती करवयाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications