श्वेता तिवारी हत्याकांड : पत्नी का शव देख पति बोला-I Am Sorry Shweta, शेयर में पैसा लगाना चाहता था रोहित
जयपुर। राजधानी जयपुर में श्वेता तिवारी हत्याकांड की पूरी कहानी उसके पति के मैसेज और पत्नी का शव देख उसने जो कहा उससे सुलझती सी नजर आ रही है। मां-बेटे के इस हत्याकांड के शक के दायरे में पति रोहित तिवारी भी है। हालांकि पूरी स्थिति पुलिस के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल श्वेता की हत्या के बाद उसके 21 माह के बेटे का अपहरण करके भी मार देने वाला यह मामला अनसुलझा ही है।

बता दें कि जयपुर की पॉश कॉलोनी जगतपुरा स्थित यूनिक टावर के आई ब्लॉक के फ्लैट नंबर 130 में आईओसीएल मैनेजर रोहित तिवारी अपनी पत्नी श्वेता तिवारी और 21 माह के बेटे श्रीयम के साथ रहता है। मंगलवार शाम को किसी अज्ञात ने घर में घुसकर श्वेता की हत्या कर दी और उसके बेटे का अपहरण करके ले गया। नौकरानी के आने पर वारदात का पता चला था। दूसरे दिन बुधवार को यूनिक टावर के पास ही श्रीयम का भी शव मिल गया था।

सास ससुर ने दामाद पर लगाए आरोप
श्वेता मूलरूप से कानपुर की रहने वाली थी। उसने 24 जनवरी 2011 को दिल्ली क रोहित तिवारी से शादी की थी। डेढ़ साल पहले ही श्वेता और रोहित ने यूनिक टावर में किराए पर रहना शुरू किया था। बेटी की हत्या की सूचना पर कानपुर से पिता सुरेश मिश्रा और मां माधुरी जयपुर पहुंचे। उन्होंने दामाद रोहित पर श्वेता की हत्या का आरोप लगाया। बताया कि श्वेता और रोहित के बीच शादी के बाद से ही अनबन रहने लगी थी।

श्वेता के नाम से थी कई एफडी
श्वेता का भाई शिवम भी जयपुर पहुंचा था। उसने बताया कि तीन दिन पहले जीजा रोहित ने उसके पिता सुरेश के मोबाइल पर फोन करके कहा था कि जितना पैसा चाहते हो दे दूंगा, मैं इसका (श्वेता का) चेहरा तक नहीं देख सकता। खुद के लायक नहीं बताया और मारने तक की बात कही। बेटी के नाम उन्होंने चार एफडी करवा रखी थी। रोहित चाहता था कि वो एफडी तुड़वाकर शेयर मार्केट में रुपए लगवाने के लिए उसे दे दें। लेकिन श्वेता ने एफडी तुड़वाने से इनकार कर दिया था।

पत्नी का शव देख रोहित बोला-श्वेता आई एम सॉरी
पत्नी की हत्या व बेटे के अपहरण की सूचना मिलने के बाद रोहित भी कार से अपार्टमेंट पहुंचा। वहां मौजूद लोगों के अनुसार फ्लैट में घुसते ही रोहित ने सबसे पहले इधर उधर अपने श्रीयम को तलाश करते हुए उसके बारे में पूछा। लेकिन श्रीयम वहां नजर नहीं आया। इसके बाद रोहित ने पत्नी के शव को देखकर दो तीन बार कहा श्वेता आई एम सॉरी, आई एम सॉरी। यह शब्द सुनाई देने पर वहां मौजूद लोगों को भी अचरज हुआ। इसके अलावा रोहित के चार पांच दोस्त भी मौके पर पहुंचे। जिन्हें उसने अपने दिल्ली के साथी होना बताया। वहीं, एक बार उसने मोबाइल के पावर बैंक के बारे में भी पूछा। यह भी बताया जा रहा है कि दोपहर के वक्त रोहित लंच के लिए अपने फ्लैट पर आया था। लेकिन इसके बाद वह चला गया।












Click it and Unblock the Notifications