राजस्थान मंत्रिमंडल विस्तार से पहले सचिन पायलट का वीडियो वायरल, जानिए कांग्रेस नेताओं से मुलाकात कर क्या कहा?
जयपुर, 11 नवंबर। राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हो रही है। दिल्ली में सीएम अशोक गहलोत कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं। सचिन पायलट भी नेताओं से मिलकर राजस्थान मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अपनी बात आलाकमान तक पहुंचा रहे हैं।

1 मिनट 13 सैकंड के वीडियो में सचिन पायलट ने कहा कि 'एआईसीसी के संगठन महासचिव व राजस्थान से राज्यसभा सांसद केसी वेणुगोपाल से वे दिल्ली में अक्सर मिलते रहते हैं। राजस्थान के राजनीतिक हालात को लेकर भी उनसे मुलाकात हुई है। जहां जरूरत है, वहां बदलाव करने की मांग हम शुरू से करते आए हैं'
सचिन पायलट ने कहा कि 'मैं फिर दोहरा रहा हूं कि अब लगभग तीन साल हो गए हैं। जो कांग्रेस के वर्कर हैं और जिन्होंने कांग्रेस के लिए सब कुछ कुर्बान किया, उन्हें सरकार में भागीदारी मिलनी चाहिए। हम नेता लोग तो भाषण देकर आते हैं, लेकिन कार्यकर्ता बूथ पर कांग्रेस का झंडा उठाकर लड़ाई लड़ते हैं। उन लोगों को मान सम्मान देने की लड़ाई और संघर्ष की बात मैंने रखी थी। उस पर मैं आज भी कायम हूं'
पायलट ने कहा कि 'चाहे राजनीतिक नियुक्तियां हों या भागीदारी की बात हो, जिन्होंने समर्पित भाव से भाजपा की सरकार को हराने का काम किया है, इतने सारे वर्कर्स को लगना चाहिए कि सरकार में हमारी भागीदारी है। इस भागीदारी को सुनिश्चित करने की बात प्रदेशाध्यक्ष भी कहते रहते हैं और मैं भी कहता रहता हूं। मुझे लगता है बहुत जल्द यह करना चाहिए, क्योंकि राजस्थान में चुनाव 22 - 23 महीने दूर रह गया है'












Click it and Unblock the Notifications