BJP में शामिल हुईं रमादेवी बनीं जयपुर की जिला प्रमुख, कांग्रेस ने 6 साल के लिए किया निष्कासित
जयपुर, 6 सितम्बर। जयपुर जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस से बगावत कर भाजपा के खेमे में शामिल हुई रमा देवी को जयपुर की जिला प्रमुख चुन लिया गया है। वे जयपुर के चाकसू से कांग्रेस विधायक वेद प्रकाश सोलंकी के बेहद नजदीकी है। रमा देवी चाकसू-फागी क्षेत्र के वार्ड 17 से कांग्रेस की टिकट पर जिला परिषद सदस्य चुनी गई थीं।

सूत्रों के अनुसार पायलट कैंप के कट्टर समर्थक माने जाने वाले वेद प्रकाश सोलंकी रमा देवी को ही जिला प्रमुख बनाना चाहते थे और इसे लेकर प्रदेश नेतृत्व से भी लगातार बातचीत भी कर रहे थे लेकिन आनन-फानन में प्रदेश नेतृत्व ने रमा देवी की बजाए सरोज कुमारी शर्मा को जिला प्रमुख का कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी बना दिया, जिससे वेद प्रकाश सोलंकी बेहद नाराज होना बताया जा रहा है।
राजनीति गलियारों में चर्चा हो रही है कि कल रात से ही वेद प्रकाश सोलंकी किसी का भी फोन नहीं उठा थे। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की ओर से भी सोमवार को लगातार वेद प्रकाश सोलंकी को फोन किए गए लेकिन उन्होंने किसी का भी फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा, लेकिन चर्चा के बाद सोलंकी आखिरकार नजर आ ही गए।
चर्चा यह भी हो रही है कि रमा देवी सोलंकी की सहमति से ही भाजपा खेमे में शामिल हुई हैं। रमा देवी का भाजपा में जाना कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका है। वहीं, जयपुर जिला प्रमुख चुनाव में चाकसू क्षेत्र के वार्ड 17 से निर्वाचित रमा देवी चौपड़ा के खेमे में शामिल होने के बाद प्रदेश कांग्रेस ने उन्हें 6 साल के लिए कांग्रेस से निष्कासित कर दिया है। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कई और लोगों पर भी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
डोटासरा ने ट्वीट करते हुए कहा कि पूरे प्रकरण में कुछ और लोगों के ख़िलाफ़ भी शिकायत प्राप्त हुई है। इस पर जल्द जांच करके पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल सभी लोगों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications