पाक-ईरान से राजस्थान आ रहे चक्रवाती तंत्र से मार्च में ही दिन के साथ-साथ रातें भी तपने लगीं
जयपुर, 16 मार्च। राजस्थान में मौसम का मिजाज काफी गर्म होता जा रहा है। मार्च में ही लू के थपेड़े झेलने पड़ रहे हैं। आलम यह है कि दिन ही नहीं बल्कि रातें भी तपने लगी हैं। इसकी एक वजह पाकिस्तान व ईरान की ओर से आ रहा चक्रवाती तंत्र भी है।

पाक व ईरान की तरफ से आने वाले चक्रवाती तंत्र के कारण राजस्थान में लू चलने लगी है। मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है। ऐसी स्थिति 18 मार्च तक रहने का अनुमान है।
जयपुर मौसम केंद्र निदेशक राधेश्याम शर्मा कहते हैं कि प्रति चक्रवाती तंत्र के प्रभाव के कारण पश्चिमी राजस्थान में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहा। इस कारण कई शहरों में हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव की स्थिति बन गई।
बता दें कि मौसम केंद्र जयपुर ने 12 मार्च को अलर्ट जारी किया था कि आगामी दिनों अधिकतम तापमान में 3-4 डि. से. की बढ़ोतरी दर्ज होगी। जोधपुर संभाग के जिलों में 15 मार्च को अधिकतम तापमान 40 डिग्री व बीकानेर संभाग के क्षेत्रों में भी तापमान 38-40 डिग्री से. के आसपास दर्ज होगा। 16 मार्च जोधपुर संभाग के जिलों में हीटवेव दर्ज होने की संभावना।
मौसम विभाग राजस्थान के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के दस शहरों का तापमान 40 डिग्री पार चला गया। मंगलवार को बाड़मेर में तो 42.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीते पांच साल में चौथी बार ऐसा हुआ कि राजस्थान में मार्च माह में ही लू चलने लगी।












Click it and Unblock the Notifications