राजस्थान मौसम अलर्ट : 6 मई तक इन जिलों में धूल भरी आंधी के साथ बारिश व ओलावृष्टि के आसार
जयपुर। मई का माह शुरू हो चुका है। पूरा राजस्थान तपने लगा है। भीषण गर्मी का असर बढ़ने लगा है। इस बीच मौसम केन्द्र जयपुर ने प्रदेश के मौसम को लेकर छह मई तक का अलर्ट जारी किया है, जिसके मुताबिक कई जिलों में धूलभरी व मेघगर्जना और कहीं पर बारिश के साथ ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है।

मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार दो से छह मई के बीच बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर व कोटा संभाग में कहीं-कहीं पर धूलभरी आंधी, मेघगर्जना की संभावना है। इसके अलावा तीस से चालीस किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से तेज हवाएं और ओलावृष्टि के भी आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने व अरब सागर की खाड़ी से नमी का प्रवाह होने से आगामी तीन-चार दिन में प्रदेश के मौसम में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
बता दें कि राजस्थान में अप्रैल माह के अंत में और मई की शुरुआत में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पारा सामान्य से तीन से चार डिग्री ज्यादा होता है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। सीकर, जयपुर और उदयपुर जैसे जिलों में तो दिन का पारा सामान्य से कम है। जबकि अजमेर, कोटा, जोधपुर, सीकर में रात का पारा भी सामान्य से कम है। हालांकि जोधपुर और जैसलमेर में दिन का पारा सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा 42-43 डिग्री के आसपास बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications