राजस्थान पंचायतीराज चुनाव 2021 : 4 जिलों में जिप व पंस सदस्यों के मतों की गणना, कोटा में BJP का जिला प्रमुख
जयपुर, 21 दिसम्बर। राजस्थान पंचायती राज चुनाव 2021 में मंगलवार को बारां, कोटा, श्रीगंगानगर और करौली में मतगणना हुई। कड़ाके की ठंड को देखते हुए मतगणना सुबह 11 बजे से शुरू हुई। सबसे पहले पंचायत समिति सदस्यों की गिनती की गई। फिर जिला परिषद सदस्यों के वोट गिने गए।

कोटा जिले में भाजपा का जिला प्रमुख बनना लगभग तय माना जा रहा है। यहां पर जिला परिषद सदस्यों की 23 में 13 सीटें भाजपा ने जीती है जबकि कांग्रेस के खाते में 10 सीट गई हैं।
श्रीगंगानगर में जिला परिषद के 30 सदस्यों के लिए 98 प्रत्याशियों और पंचायत समिति के 167 सदस्यों के लिए 563 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हुआ। जिला परिषद के 1 वार्ड में माकपा प्रत्याशी परमजीत कौर निर्विरोध हो चुकी हैं। वहीं श्रीगंगानगर और सूरतगढ़ पंचायत समितियों में भी 1-1 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। यहां पर 9 पंचायत समितियों के 167 सदस्यों के चुनाव के लिए भी मतदान हुआ था।
बारां में 8 पंचायत समितियों में 126 सीटों और जिला परिषद के 25 सीटों के मतदान हुआ था। 8 पंचायत समितियों की 126 सीटों पर 339 उम्मीदवार मैदान में डटे थे। जिला परिषद के 25 सीटों के लिये 52 उम्मीदवारों में मुकाबला हुआ।
करौली जिले में 8 पंचायत समितियों के 180 सदस्यों और 26 जिला परिषद वार्डों के लिये हाल ही में वोट डाले गए थे। यहां भी श्रीगंगानगर की तरह जिला परिषद का एक और सपोटरा तथा हिण्डौन पंचायत समितियों में 1-1 सदस्य का निर्विरोध निर्वाचन हुआ था। यहां जिला परिषद के 26 वार्डों के लिये 101 प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाया।












Click it and Unblock the Notifications