Rajasthan News : 2000 का नोट बंद करने पर सीएम गहलोत की प्रतिक्रिया, कहा- "सरकार बताए किन कारणों से बंद किया"
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरबीआई द्वारा 2000 रुपए का नोट चलन से बाहर करने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सीएम गहलोत कर्नाटक सरकार के शपथग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए बेंगलुरु दौरे पर हैं।

Rajasthan News : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 2000 रुपए के नोट चलन से बाहर किए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सीएम गहलोत ने कहा कि आप 1000 रुपए का नोट बंद कर 2000 रुपए का नोट लाए। जिससे काला धन बनाने में आसानी होती है। आपने यह बंद क्यों किया। आपकी मंशा क्या है। केंद्र सरकार को बताना चाहिए कि हमने इन कारणों से 2000 रुपए के नोट को बंद करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने यह टिप्पणी 2000 रुपए के नोट का चलन बंद होने के बाद की है। आपको बता दें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कर्नाटक में सिद्धारमैया सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए बेंगलुरु दौरे पर हैं।
कर्नाटक सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे सीएम गहलोत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कर्नाटक दौरे पर हैं। सीएम गहलोत दोपहर 2:30 बजे विशेष विमान से बेंगलुरु पहुंचे। सीएम गहलोत बेंगलुरु में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद वे शनिवार को दोपहर 12:30 बजे सिद्धारमैया सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
आरबीआई ने 2000 के नोट को किया चलन से बाहर
भारतीय रिजर्व बैंक ने 2000 रुपए के नोटों को चलन से बाहर करने का ऐलान कर दिया है। आरबीआई ने शुक्रवार को जारी अपने बयान में कहा कि यह नोट वैध रहेंगे और 30 सितंबर 2023 तक इन्हें बैंकों में जमा कराया जा सकता है। बयान में यह भी साफ किया गया कि लोग 2000 के नोट अपने बैंक खाते में जमा कर सकते हैं या किसी भी बैंक की शाखा में जाकर अपने नोट बदलवा सकते हैं। 23 मई 2023 से किसी भी बैंक में एक बार में 20000 रुपए तक यानी 2000 के 10 नोट बदलाए जा सकते हैं। आपको बता दें इससे पहले 500 और 1000 के नोट बंद कर 2000 का नोट शुरू किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications