Rajasthan Rain Video : टोंक में पति-पत्नी नाले में डूबे, उदयपुर में बाइक सवार दो युवक बहे
जयपुर, 22 अगस्त। आधे राजस्थान में भयंकर बारिश हो रही है। मानसून के दूसरे चरण में आसमां से यह पानी कहर बरकर बरस रहा है। आलम ये है कि टोंक जिले में बरसाती नाले में पति पत्नी की मौत हो गई है जबकि उदयपुर जिले में पुलिया पार कर रहे बाइक सवार दो युवक पानी में बह गए, जिनकी तलाश की जा रही है। कोटा जिले के तो पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश से सड़क सम्पर्क तक टूट गए हैं।

बारिश से सबसे ज्यादा कोटा शहर प्रभावित
बारिश से सबसे ज्यादा कोटा शहर प्रभावित हो रहा है। यहां पर महज 24 घंटे के दौरान 9 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। पानी के दबाव के चलते कोटा बैराज के 16 गेट खोलने पड़े हैं, जिससे कोटा शहर और आस-पास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। यहां सड़कें दरिया बन गईं और कॉलोनियां जलमग्न हो गई हैं।

झारखंड और मध्य प्रदेश के बाद राजस्थान में भयंकर बारिश
मौसम विभाग जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा की मानें तो बंगाल की खाड़ी से आए डीप डिप्रेशन सिस्टम की पहले तो झारखंड और मध्य प्रदेश के बाद राजस्थान में भयंकर बारिश हो रही है। राजस्थान में टोंक, दौसा, जयपुर, झालावाड़, कोटा, बूंदी, बारां, करौली, उदयपुर जिलों में तेज बारिश हुई है। कोटा प्रशासन ने स्कूल-कॉलेजों में छुटि्टयां घोषित कर दी। जयपुर में भी रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक बरसात हुई।
टोंक शहर में बारिश ने 9 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया
बता दें कि टोंक शहर में बारिश ने 9 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यहां पर 180 एमएम यानी 7 इंच से ज्यादा बारिश हुई है। बारिश के कारण करीब आधा दर्जन कच्चे घर गिर गए। हालांकि इससे कोई जनहानि नहीं हुई। बीसलपुर डैम में भी पानी की अच्छी आवक हुई है। डैम का जलस्तर 12 घंटे में सात सेंटीमीटर बढ़ गया है।
कोटा शहर में 24 घंटे में 9 इंच पानी बरसा
मौसम विभाग के अनुसार कोटा शहर में 24 घंटे में 9 इंच पानी बरसा है, जो छह साल में सबसे अधिक है। इससे पहले 7 अगस्त 2016 को कोटा में सर्वाधिक 193 एमएम बारिश दर्ज हुई थी। पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद कोटा के इटवा स्थित खातोली की पुलिया पर पानी आने के कारण कोटा-श्योपुर राजमार्ग बंद हो गया, इससे कोटा-मध्य प्रदेश से सम्पर्क टूट गया।
दो युवक पानी में बह गए
उधर, उदयपुर में भी भारी बारिश हुई है। उदयपुर के डबोक इलाके में पुलिया पार करते वक्त रविवार देर रात दो युवक पानी में बह गए। लोगों की सूचना पर नागरिक सुरक्षा विभाग और SDRF की टीमें मौके पर पहुंची। सोमवार सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।












Click it and Unblock the Notifications