कौन है राजस्थान की वंदना सैनी जिसने हरियाणा के 7 लोगों की बचाई जान, वसुंधरा राजे ने वंदना के लिए कही यह बात
जयपुर, 14 सितंबर। महेंद्रगढ़ के झगडोली नहर में गणेश विसर्जन के दौरान हुए हादसे में बर्डोद की रहने वाली वंदना सैनी ने बहादुरी दिखाते हुए अपनी चुन्नी के जरिए दो बच्चों सहित 7 लोगों की जान बचाई। वंदना के इस साहसिक कार्य की लिए राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित अनेक लोग उनकी सराहना कर रहे हैं। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई अभी भी 3 लोग लापता हैं।

विसर्जन के दौरान तेज बहाव से हुआ हादसा
वंदना ने बताया कि नहर में मूर्ति विसर्जन के दौरान लोग पानी में मूर्ति के विसर्जन के लिए उतरे थे। इसी दौरान नहर में पानी का तेज बहाव आ गया। इससे पानी में खड़े लोग चिल्लाते हुए बहाव के साथ बहने लगे। वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया। इस दौरान वंदना ने बहादुरी दिखाते हुए अपनी चुन्नी के सहारे दो बच्चों सहित 7 लोगों को पानी से बाहर निकाला। इतना ही नहीं वंदना ने जिला अस्पताल में फोन कर तुरंत एंबुलेंस भी बुलाई। वंदना के मुताबिक लोगों को बचाने के दौरान उसके शरीर पर जगह-जगह चोट भी लगी।

महेंद्रगढ़ में हुई वंदना की शादी
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला कलेक्टर सहित प्रदेश सरकार के अनेक मंत्रियों ने वंदना के हौसले की तारीफ की। वंदना मूलतः राजस्थान के बहरोड़ के पास बर्डोद की रहने वाली हैं। वंदना की शादी महेंद्रगढ़ में हुई है। वह सरकारी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत हैं। घटना के दौरान उनकी बेटी भी उनके साथ थी।












Click it and Unblock the Notifications