महंगाई के खिलाफ हल्ला बोलेगी राजस्थान कांग्रेस, पीसीसी चीफ डोटासरा ने साधा केंद्र सरकार पर निशाना
जयपुर, 22 अगस्त। राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोमवार को केंद्र कि मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। डोटासरा होटल क्लार्क्स आमेर में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान डोटासरा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ईडी, सीबीआई और इंकम टैक्स जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। राज्यों में सरकार गिराने के षड्यंत्र और धार्मिक असहिष्णुता का माहौल बना रही है। भाजपा ने राजनीतिक स्वार्थ से नफरत का बीज बोकर देश में अराजकता और भय का माहौल बना दिया है। अब तो इनके लोग भी कहने लगे हैं कि केंद्र में बैठे हमारे लोग सिर्फ सत्ता के लालची हैं। सत्ता के लिए यह लोग कुछ भी कर सकते हैं। इनको जनसेवा और मानव सेवा से कोई सरोकार नहीं है।

महंगाई के खिलाफ हल्ला बोलेगी कांग्रेस
कांग्रेस पार्टी की ओर से 4 सितंबर को दिल्ली में होने वाली महंगाई पर हल्ला बोल रैली की तैयारियों को लेकर होटल क्लार्क्स आमेर जयपुर में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए डोटासरा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के पास रिकॉर्ड महंगाई को रोकने और युवाओं को रोजगार देने की कोई कार्ययोजना नहीं है। जनविरोधी नीतियां लागू करने वाली मोदी सरकार 8 साल से हर मोर्चे पर नाकाम रही है। डोटासरा ने कहा कि हल्ला बोल रैली को लेकर 25 अगस्त को पहले जिला अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। 27 अगस्त को विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर बैठकें होंगी। इसके बाद 4 सितंबर को कार्यकर्ता दिल्ली कूच करेंगे। डोटासरा ने कहा कि महंगाई आसमान छू रही है। केंद्र की सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। जनता का महंगाई के मुद्दों से ध्यान हटाकर केंद्र सरकार अपने एजेंडे के मुताबिक चल रही है। कांग्रेस का आम कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ गांव-गांव ढाणी-ढाणी जाकर जन जागरण अभियान चलाएगा।

अजय माकन और केसी वेणुगोपाल का दौरा कैंसिल
राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन और महासचिव केसी वेणुगोपाल का सोमवार को जयपुर दौरा रद्द हो गया है। दोनों नेताओं को कांग्रेस की बैठक में शामिल होने के लिए जयपुर आना था। इस दौरान माकन और वेणुगोपाल कांग्रेस के मंत्रियों, विधायकों, पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की बैठक करने वाले थे। राहुल गांधी की ताजपोशी को लेकर माकन और वेणुगोपाल की मौजूदगी में राजस्थान कांग्रेस की अहम बैठक प्रस्तावित थी। लेकिन अजय माकन की तबीयत बिगड़ जाने से दोनों नेताओं का जयपुर आने का कार्यक्रम कैंसिल हो गया है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को होटल क्लार्क आमेर में बैठक कर महंगाई को लेकर भाजपा को घेरने की रणनीति बनाई है।
केंद्र की भाजपा सरकार ED, CBI और इनकम टैक्स का दुरुपयोग, राज्यों की सरकार गिराने का षड्यंत्र और धार्मिक असहिष्णुता का माहौल बना रही है। भाजपा ने राजनीतिक स्वार्थ से नफरत का बीज बोकर देश में अराजकता, डर और भय का माहौल बना दिया है। : श्री @GovindDotasra pic.twitter.com/FAQMlQpNo9
— Rajasthan PCC (@INCRajasthan) August 22, 2022












Click it and Unblock the Notifications