राजस्थान भाजपा कोर कमेटी की बैठक आज दिल्ली में, जानिए क्या है वजह
Rajasthan में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 21 अक्टूबर को दिल्ली में राजस्थान बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक बुलाई है। बैठक में गहलोत सरकार की चौथी वर्षगांठ पर होने वाली जन आक्रोश रैली और काला दिवस मनाने की तैयारियों पर चर्चा होगी। 1 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम में प्रस्तावित दौरे को लेकर भी नड्डा पार्टी नेताओं को निर्देश देंगे। साथ ही आगामी दिनों में राजस्थान बीजेपी के आंदोलन धरने प्रदर्शन केंद्रीय नेताओं और मंत्रियों के दौरे का रोडमैप तैयार करने पर भी चर्चा होगी।

दिल्ली में भाजपा कोर कमेटी की बैठक बुलाने के मायने
जेपी नड्डा का 20 और 21 अक्टूबर को कोटा में बूथ सम्मेलन का कार्यक्रम स्थगित होने के बाद दिल्ली में कोर कमेटी बुलाने की अपने मायने हैं। जेपी नड्डा पार्टी नेताओं को एकजुटता के साथ विधानसभा चुनाव 2023 और लोकसभा चुनाव 2024 में जीतने की नसीहत भी देंगे। माना जा रहा है कि जेपी नड्डा राजस्थान में बीजेपी के सीनियर नेताओं के बीच चल रही अंदरूनी खींचतान और एकला चलो नीति और पार्टी से अलग हटकर व्यक्तिगत पब्लिक मीटिंग करने पर भी नेताओं की क्लास ले सकते हैं। पिछले कुछ दिनों से राजस्थान भाजपा में कुछ भी अच्छा नहीं चल रहा है। पार्टी नेताओं के बीच खींचतान खुलकर सामने आ रही है। इस बैठक के जरिए पार्टी नेताओं को एक जाजम पर लाने के प्रयास भी होंगे।

राजस्थान की सियासी घटनाक्रम पर भी होगी चर्चा
पार्टी सूत्रों के मुताबिक राजस्थान में कांग्रेस में सीएम अशोक गहलोत और सचिन पायलट के खेमों में चल रहे विवाद और झगड़े को लेकर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा कोर कमेटी की बैठक में चर्चा करेंगे। गहलोत खेमें के विधायकों के इस्तीफे और सचिन पायलट समेत 19 विधायकों की सदस्यता पर उठे सवाल, विधानसभा अध्यक्ष की ओर से अयोग्य ठहराए जाने के बाद कोर्ट केस के स्टेटस जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। राजस्थान में विधायकों के इस्तीफे स्वीकार नहीं होने पर भाजपा कोर्ट का भी रुक कर सकती है। ऐसे तमाम मुद्दों पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा नेताओं से फीडबैक लेंगे हाल ही में भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधि मंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को गहलोत समर्थक विधायकों के इस्तीफे स्वीकार करने के लिए ज्ञापन दिया है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, केंद्रीय चुनाव समिति सदस्य और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओम माथुर, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल, कैलाश चौधरी, कनकमल कटारा, सीपी जोशी, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, भूपेंद्र यादव, भारती बेन शियाल, अलका गुर्जर सहित प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर को भी आमंत्रित किया गया है।













Click it and Unblock the Notifications