Jaipur Hawker Murder : हॉकर की हत्या से गुस्साए लोगों ने किया पथराव, पूर्व MLA व DCP आए चपेट में
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान पुलिस थाना इलाके के गांव मदीना नगर में गुरुवार सुबह एक हॉकर की हत्या के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों की भीड़ ने पथराव कर दिया, जिससे न केवल कई गाड़ियों के शीशे टूट गए बल्कि पूर्व विधायक और डीएसपी भी पथराव की चपेट में आ गए। सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन व पथराव कर रहे लोगों को खदेड़ने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा है।

पूर्व विधायक को ले जाना पड़ा अस्पताल
पूर्व विधायक कैलाश वर्मा खोह नागोरियान थाने पहुंचे। इस दौरान नेता और पुलिस की बातचीत हुई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। लोगों ने थाने के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने लाठीचार्ज का प्रयास किया तो भीड़ ने पथराव कर डाला, जिसकी चपेट में आने से पूर्व विधायक कैलाश वर्मा घायल हो गए। उन्होंने जयपुर के एसएमएच अस्पताल ले जाना पड़ा है। वहीं, डीसीपी राहुल जैन व अन्य पुलिसकर्मियों के भी पथराव में चोटें आई हैं।

आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त
डीसीपी राहुल जैन ने बताया कि रफीक मानसिक रूप से विक्षिप्त है। उसके पास इसका सर्टिफिकेट भी है। उसका लम्बे समय से उपचार चल रहा है। आरोपी की हरकतों से परेशान होकर उसकी पत्नी भी रात को घर छोड़कर दूसरे स्थान पर चली गई। सुबह अखबार लेकर पहुंचे हॉकर पर उसने कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई।

रफीक ने की मुन्ना वैष्णव की हत्या
बता दें कि मुन्ना वैष्णव अखबार वितरण का काम करता है। गुरुवार सुबह वह अखबार के पैसे मांगने मदीना नगर गया था। तब उसका रफीक से विवाद हो गया। रफीक ने कुल्हाड़ी से वार कर मुन्ना वैष्णव की हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपी रफीक को वहां मौजूद लोगों ने पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रफीक को लोगों की चंगुल से छुडाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications