137 साल पहले बने जोधपुर रेलवे स्टेशन की बदलेगी तस्वीर, 500 करोड़ की लागत से होगा पुनर्विकास
जयपुर, 3 अगस्त। राजस्थान के जोधपुर में 137 साल पहले बने जोधपुर रेलवे स्टेशन की तस्वीर बदलने जा रही है। रेलवे ने 500 करोड़ रुपए की लागत से जोधपुर रेलवे स्टेशन की मौजूदा इमारत की जगह की नया भव्य और विशाल रेलवे स्टेशन का निर्माण करने की तैयारी पूरी कर ली है। यहां पहुंचकर रेल यात्रियों को न सिर्फ एयरपोर्ट जैसी फीलिंग होगी। बल्कि यात्रियों को यहां सभी अत्याधुनिक सुविधाएं भी मिलेगी। यहां आने वाले सभी यात्रियों को अपनी यात्रा का सुखद एहसास होगा। जोधपुर में पले बढ़े रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रयासों से यह कार्य संभव हो पा रहा है।

अत्याधुनिक सुख सुविधाओं से युक्त होगा स्टेशन
जोधपुर में वर्ष 1885 में रेलवे के साथ शुरू हुए स्टेशन बिल्डिंग के स्वरूप में तकरीबन डेढ़ दशक में बदलाव तो कई हुए। लेकिन इसका हेरिटेज लुक बरकरार रखा गया। अब इसे अत्याधुनिक रूप में कलात्मक डिजाइन में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। रेलवे की डीआरम गीतिका पांडेय ने बताया कि स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य स्वीकृत हो चुका है। इसकी टेंडर प्रक्रिया भी प्रारंभ हो रही है। सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो इसी साल अक्टूबर में मुख्य रेलवे स्टेशन की पुरानी इमारत को हटाकर एक अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त रेलवे स्टेशन की नई इमारत की इबारत लिखी जाएगी।

पांच मंजिल की होगी मुख्य इमारत
रेलवे स्टेशन की बनने वाली नई इमारत ग्राउंड फ्लोर के अलावा 4 मंजिल की होगी। जिसमें रेलवे के सभी कार्यालय संचालित होंगे तथा अन्य मंजिलों पर एसी, नॉन एसी रिटायरिंग रूम, पेड परेड वेटिंग रूम, खानपान की स्टाल व स्थानीय उत्पादों की स्टॉल लगाना प्रस्तावित है। रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेशद्वार ग्राउंड फ्लोर के अलावा 3 मंजिल का होगा। यहां यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। स्टेशन में एयर कॉनकोर्स विकसित किया जाएगा। जो रेलवे स्टेशन पर सभी प्लेटफार्म से कनेक्ट रहेगा। जहां पर सभी यात्री खड़े रह सकेंगे और अपनी गाड़ी आने के पश्चात प्लेटफार्म पर जा सकेंगे। रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास से यहां पर्यटकों के आने की संख्या में वृद्धि होगी। इसका असर स्थानीय रोजगार पर पड़ेगा। स्टेशन के भीतर ही वाहनों के आवागमन के लिए अलग से कॉरिडोर बनाकर आम यात्रियों के लिए पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। यहां आने पर यात्रियों को फाइव स्टार जैसी सुविधाओं की अनुभूति होगी।













Click it and Unblock the Notifications