पीसीसी मेंबर्स राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने के लिए भेजेंगे प्रस्ताव, बैठक में यह होगा फैसला
जयपुर, 16 सितंबर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी राहुल गांधी के नाम पर सर्वसम्मति से एक लाइन का प्रस्ताव बनाकर पार्टी आलाकमान को भेजेगी। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शनिवार दोपहर 2 बजे पीसीसी मेंबर्स की बैठक बुलाई गई है। पीसीसी के सभी सदस्य राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव में राजस्थान से मतदाता भी हैं। प्रदेश के पीसीसी मेंबर्स की सूची को नई दिल्ली में राष्ट्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री की मौजूदगी में मंजूरी दे दी गई है। राजस्थान में इस सूची को सार्वजनिक नहीं किया गया। लेकिन बैठक के लिए पीसीसी मेंबर्स को कॉल कर सूचना जा रही है।


अशोक गहलोत के नाम की चर्चा
कांग्रेस में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम की चर्चा है। माना जा रहा है कि गहलोत खुद पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने को तैयार नहीं है। ऐसा वे कई मौकों पर कह चुके हैं। गहलोत के मुताबिक राहुल गांधी अगर पार्टी के अध्यक्ष नहीं बने तो कई नेता घर बैठ जाएंगे ऐसे में गहलोत खुद चाहते हैं कि राहुल ही कांग्रेस के अध्यक्ष बने। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इन दिनों राजीव गांधी खेल ओलंपिक के तहत प्रदेश में लगातार दौरे कर रहे हैं। उन्होंने खुद को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव से दूर रखा हुआ है। मुख्यमंत्री का आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में अलग-अलग इलाकों में दोनों का कार्यक्रम है।

पीसीसी मेंबर्स चुनेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए राजस्थान के सभी पीसीसी मेंबर मतदान करेंगे। राजस्थान की 200 विधानसभाओं में 400 पीसीसी सदस्य हैं। राजस्थान की प्रत्येक विधानसभा में संगठन के दो ब्लॉक हैं। पीसीसी मेंबर्स में हर विधानसभा से 2 सदस्यों को शामिल किया गया है। सभी सदस्यों को बैठक में बुलाया गया है। चुनाव अधिकारियों की मौजूदगी में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी जाएगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार इसके लिए एक लाइन का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

राजस्थान में नेतृत्व के लिहाज से महत्वपूर्ण चुनाव
कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राजस्थान में नेतृत्व के लिहाज से महत्वपूर्ण है। क्योंकि यदि राहुल गांधी पार्टी का अध्यक्ष बनने से इनकार करते हैं तो अशोक गहलोत को दिल्ली बुलाया जाएगा। ऐसे में राजस्थान में नेतृत्व को लेकर उठने वाले सवाल का हल भी पार्टी को तलाशना होगा राजस्थान में गुटबाजी चरम पर है। अशोक गहलोत और सचिन पायलट गुट के लोग नेतृत्व को लेकर आवाज उठा रहे हैं। राजस्थान में कांग्रेस की जोड़-तोड़ की सरकार है। कई निर्दलीय और अन्य दलों के विधायकों ने अशोक गहलोत के नाम पर कांग्रेस को समर्थन दिया हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications