MN Dinesh IPS का वीडियो वायरल, बोले-मैंने तो जेल में ऐसे काटा था 7 साल का 'लॉकडाउन'
जयपुर। कोरोना संकट के बीच राजस्थान कैडर के आईपीएस ऑफिसर एमएन दिनेश का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वीडियो में कोरोना खौफ और लॉकडाउन को लेकर लोगों के लिए संदेश है। एमएन दिनेश ने अपने जेल में बिताए दिनों की याद करते हुए कोरोना से लड़ने का संदेश दे रहे हैं। बता दें कि मूलरूप से कर्नाटक के रहने वाले एमएन दिनेश का नाम राजस्थान में किसी परिचय का मोहताज नहीं है। दबंग, सिंघम जैसे नामों से भी इन्हें जाना जाता है। अपने काम के अंदाज के चलते एमएन दिनेश एक अलग पहचान रखते हैं। सोशल मीडिया में इनकी जबरदस्त फैन फॉलोविंग है।

एमएन दिनेश का संदेश
3.42 मिनट के इस वीडियो में क्या कहते हैं एमएन दिनेश, जानिए उन्हीं की जुबानी।
गुड इवनिंग। मैं एमएन दिनेश। राजस्थान कैडर का आईपीएस ऑफिसर हूं। अभी एडीजी एंटी करप्शन ब्यूरो जयपुर के पद पर कार्यरत हूं। निसंदेश यह हमारे लिए बहुत मुश्किल स्थिति है। कोरोना की वजह से 21 दिन का लॉकडाउन है। हम सब घरों में कैद हैं। ना घरों से बाहर निकल पा रहे ना किसी कार्यक्रम में शिरकत कर पा रहे हैं।

शुरुआत में सदमा लगा
आपको याद दिला दूं कि मैं भी स्थिति से गुजर चुका हूं। कई साल पहले एनकाउंटर मामले में मुझे सात साल जेल में रहना पड़ा। शुरुआत का समय मेरे किसी सदमे से कम नहीं था। फिर मैंने महसूस किया कि विपरीत स्थिति का सामना हर हाल में करना है।

हमेशा पॉजिटिव सोचता रहा
उस हालात में मैंने चीजों को नेगेटिव नहीं लिया। हमेशा पॉजिटिव सोचा। हर दिन मेरे लिए किसी लॉकडाउन के समान था। मुझे पता ही नहीं था कि भविष्य में मेरा साथ क्या होने वाला है, लेकिन मैंने उस हालात में वर्तमान के बारे में सोचा। अच्छे की उम्मीद नहीं छोड़ी। सकारात्मक दिशा में सोचता रहा। खुद की सेहत पर ध्यान दिया। शारीरिक और मानसिक दोनों तौर पर मजबूत रहा। मेरे केस पर भी काम करता रहा।

अब हम सबके साथ हो रहा वैसा ही
इस समय हम सब कोरोना वायरस की वजह से मेरे जेल में बिताए दिनों के समान स्थिति में हैं। देशभर में लॉकडाउन है। किसी को नहीं पता कि यह कोरोना संकट कितने दिन तक जारी रहेगा। कब हम सबकी की लाइफ सामान्य होगी। लेकिन लॉकडाउन और मेरे जेल के अनुभव के नियम लगभग समान है। लॉकडाउन में भी हमें वर्तमान हालात को देखते हुए फैसले लेने हैं। भविष्य में सब कुछ अच्छा हो जाने की उम्मीद भी नहीं छोड़नी है।

घर पर रहें, सुरक्षित रहें
इस समय हम अपने परिवार और खुद को अच्छा वक्त दे सकते हैं। हर मुश्किल हालात से निकलने के नियम होते हैं। हमें भी कोरोना को हराना है तो लॉकडाउन और सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की पालना करनी है। घर पर रहो। अपने हाथों को लगातार धोते रहें। इस समय मेरी तरह उम्मीद नहीं छोड़े। जेल में रहते मैंने फील किया था हर मुश्किल हालात आपको कुछ सीख देते हैं।












Click it and Unblock the Notifications