REET Level 2 : रीट भर्ती परीक्षा का लेवल 2 रद्द, अशोक गहलोत सरकार ने लिया बड़ा फैसला
जयपुर, 7 फरवरी। राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी रीट को लेकर अशोक गहलोत सरकार ने सोमवार को बड़ा फैसला लिया है। खबर है कि राजस्थान सरकार ने रीट परीक्षा 2021 के लेवल 2 को रद्द कर दिया है।

मई में प्रस्तावित परीक्षा एक महीने लेट हो सकती है
अब शिक्षकों के 62 हजार पदों पर भर्ती होगी। दो स्तर पर परीक्षा होगी। सरकार के इस फैसले से मई में प्रस्तावित परीक्षा एक महीने लेट हो सकती है। अब 20 हजार की जगह 30 हजार पदों पर भर्ती होगी। विधानसभा में कड़ा कानून लेकर आएंगे।
रीट लेवल 2 के लिए दुबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार राजस्थान सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि सरकार राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी रीट लेवल टू को निरस्त करती है। रीट लेवल 2 के लिए दुबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी।

16 लाख अभ्यर्थियों ने रीट का फार्म भरा था
बता दें कि 26 सितम्बर 2021 को रीट परीक्षा आयोजित की गई थी। 16 लाख अभ्यर्थियों ने रीट का फार्म भरा था। जल्द ही रीट 2021 का रिजल्ट भी जारी हो गया था, मगर पेपर लीक को लेकर रीट परीक्षा विवादों में घिर गई थी।

रीट पेपर लीक केस की एसओजी को सौंपी
राजस्थान सरकार ने रीट पेपर लीक केस की एसओजी को सौंपी। एसओजी की जांच में रीट पेपर लीक होना पाया गया। एसओजी ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पूरे गिरोह के 38 लोगों को पकड़ा। कई सरकारी कर्मचारी निलंबित भी हुए।

बाड़मेर व जालौर मुख्य केंद्र रहे
आरोपी भजनलाल, अभ्यर्थी सोहनी देवी आदि से पूछताछ में एसओजी को सुराग लगा कि रीट का पेपर जयपुर शिक्षा संकुल के स्ट्रॉंग रूम से जिला कोष कार्यालय में भिजवाने के दौरान 24 सितम्बर को लीक हुआ था। रीट पेपर लीक करवाने के मामले में बाड़मेर व जालौर मुख्य केंद्र रहे।

गूंज लोकसभा में भी सुनाई
राजस्थान की रीट परीक्षा का पेपर लीक होने की गूंज लोकसभा में भी सुनाई दी। हाल ही लोकसभा में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल और जयपुर ग्रामीण सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने रीट पेपर को लेकर सीबीआई से जांच करवने की मांग रखी थी।












Click it and Unblock the Notifications