फाइव स्टार चोर : गुजरात का जयेश VIP शादियों में करता चोरी, जयपुर के होटल क्लार्क्स से चुराई 2 Cr की ज्वैलरी
जयपुर, 30 नवंबर। राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित होटल क्लार्क्स आमेर से दो करोड़ की चोरी के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस वारदात को गुजरात के जूनागढ़ निवासी 47 वर्षीय जयेश रावजी सेजपाल ने अंजाम दिया था। ये राजस्थान समेत देशभर में ऐसी 13 चोरियां कर चुका है। जयेश फाइव स्टार होटलों में होने वाली वीआईपी शादियों को टारगेट करता था। जयेश वर्तमान में मुम्बई में रहता है। फिलहाल राजस्थान पुलिस की पकड़ से दूर है।
Recommended Video

दो करोड़ की डायमंड ज्वेलरी
जयेश पर जयपुर के होटल क्लार्क्स आमेर में शादी करने आए परिवार के दो करोड़ की डायमंड ज्वेलरी और 95 हजार रुपए नकदी चुराने का आरोप है। सीसीटीवी फुटेज में जयेश वारदात को अंजाम देते हुए कैद हुआ था। फुटेज के आधार पर ही इसकी पहचान की है।

13 जगहों पर ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुका
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जयेश पांच सितारा होटलों में वाली वीआईपी शादियों को निशाना बनाता था। वह होटल में कमरे बुक करने के बहाने वीआईपी शादियों की जानकारी लेता था। 13 जगहों पर ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुका है। तीन बार पकड़ा भी गया।

2018 में हैदराबाद में पकड़ा भी गया था
जमानत पर छूटने के बाद फिर से चोरियां शुरू कर देता था। जयेश के खिलाफ हैदराबाद, मुम्बई, चेन्नई, कानपुर और आगरा समेत कई जगहों पर चोरी के मामले दर्ज हैं। यह साल 2006 में आगरा और साल 2018 में हैदराबाद में पकड़ा भी गया था। जयपुर के अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर प्रथम अजय पाल लांबा ने बताया कि जयेश के बारे में काफी डिटेल जुटाई गई हैं। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

ऐसे देता है वारदात को अंजाम
बता दें कि जयेश सबसे पहले किसी फाइव स्टार होटल में फोन करके शादी के बहाने 25 से 30 कमरों की बुकिंग की बात करता है। इसी दौरान होटल में होने वाली शादियों की जानकारी लेता है। फिर शादी वाली पार्टी के साथ ही होटल में चेक इन करता है। पूरी तरह से रैकी करता है।

बहुत शातिर है जयेश
शादी समारोह की रैकी के दौरान उस व्यक्ति के बारे में पता करता है, जिसके पास कीमती सामान और रुपए होते हैं। वह व्यक्ति शादी के सिलसिले में बाहर जाता है तो होटलकर्मियों को फोन करके चाबी नहीं होने की बात बोलकर कमरा खुलवाता और चोरी कर लेता।












Click it and Unblock the Notifications