jaipur Bomb Threat: DGP बोले-35 स्कूलों को मिले धमकी भरे ई-मेल, देखें अफरा-तफरी का वीडियो
Jaipur School bomb threat: राजस्थान की राजधानी जयपुर के स्कूलों में हड़कंप मचा हुआ है। पूरा शहर अलर्ट मोड पर है। वजह ये है कि जयपुर बम ब्लास्ट 2008 की बरसी पर 13 मई को शहर की 35 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले हैं।
राजस्थान DGP यूआर साहू ने 35 स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिलने की पुष्टि की है। ये मेल जयपुर के कई निजी स्कूल संचालकों के ऑफिशियल ईमेल आईडी पर सुबह 3 बजकर 40 मिनट पर मिले। उस टाइम तो किसी को पता नहीं चला।

सुबह जब स्कूल खुले और मेल देखे तो होश उड़ गए। जयपुर पुलिस के पास अलग अलग जगह से बम धमाके में उड़ाने की धमकी मिलने की शिकायतें आने लगी। सूचना पाकर जयपुर पुलिस, बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर पहुंचीं। अभिभावक भी बड़ी संख्या में स्कूलों में पहुंचे और अपने बच्चों को घर ले गए। कई स्कूलों की तो छुट्टी ही कर दी गई।
बता दें कि जिन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली वे जयपुर शहर की नामी स्कूल हैं। सीबीएससी बोर्ड से संबंधित हैं। इनमें जयपुर के बजाज नगर स्थित विद्या आश्रम स्कूल, वैशाली नगर स्थित जयश्री पेड़ीवाल स्कूल, सी-स्कीम स्थित सेंट जेवियर स्कूल, करधनी इलाके में स्थित सेंट टैरेसा स्कूल और माहेश्वरी ग्रुप से जुड़ी कई स्कूलों का नाम शामिल है।
जयपुर पुलिस के अनुसार स्कूलों में सुबह छह बजे सर्च ऑपरेशन चल रहे हैं। साइबर क्राइम की टीम ईमेल भेजने वाले का पता लगाने में जुटी हैं। मेल को डिटेक्ट किया जा रहा है। राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार भी पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है। अभी तक खतरे जैसे कोई बात सामने नहीं आई है। उधर, चौमूं के सेंट एंसलम स्कूल में भी इस तरह की धमकी मिलने की खबर आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications