राजस्थान : थाने के सफाईकर्मी की बहन की शादी में 'मामा' बनकर पहुंचे पुलिस वाले, 51 हजार का भात भरा
जयपुर। हर रोज पुलिस थाने की सफाई करने वाले इस शख्स ने कभी सोचा भी नहीं था कि एक दिन उसके इस काम की कीमत पुलिसवाले इस तरह से चुकाएंगे, जो ना सिर्फ उसके लिए बल्कि पूरे समाज के लिए मिसाल बन जाएगा। पूरा मामला राजस्थान की राजधानी जयपुर के चित्रकूट पुलिस थाने का है। जयपुर के चित्रकूट पुलिस थाने में काम करने वाले सफाई कर्मचारी प्रकाश की बहन की मंगलवार को शादी है।

पुलिस ने की सफाई कर्मचारी के परिवार की मदद
प्रकाश के परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। इसी के चलते चित्रकूट थाने के सभी पुलिसकर्मी सफाई कर्मचारी प्रकाश की मदद के लिए आगे आए। शादी में चित्रकूट पुलिस थाना अधिकारी वीरेंद्र कुरील और बाकी स्टाफ ने मिलकर बहन की शादी में 51 हजार रुपए का मायरा यानी भात भरा।

भात या मायरा भरना क्या है
बता दें कि राजस्थान की शादियों में यह परम्परा है कि शादी में उसके ननिहाल पक्ष की ओर से मामा शगुन के तौर पर कपड़े व आभूषण लेकर आते हैं। दूल्हा या दुल्हन की मां को यानी अपनी बहन को शगुन के रुपए भी देते हैं। इस परम्परा को भात या मायरा कहा जाता है।

दुल्हन के लिए लेकर गए उपहार
जयपुर के चित्रकूट पुलिस थान के स्टाफ ने ना सिर्फ 51 हजार का भात भरा बल्कि दुल्हन के लिए कपड़ों से लेकर बर्तन तक कई सामान भी दान में दिया। पुलिसवालों की इस पहल से परिवार की आंखों की खुशी के आसूं छलक आए।
साल से कर रहा सफाईकर्मी का काम
बहरहाल, जयपुर के चित्रकूट एसएचओ वीरेंद्र कुरील की यह पहल किसी मिसाल से कम नहीं है। पुलिस थाने में 2 साल से सफाई करने वाले प्रकाश की बहन के लिए इन पुलिसवालों ने जो कुछ किया है उसे लोग सालों तक याद रखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications